भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बिगड़े बोल- हमारी पार्टी जिसे मारती है वह अस्पताल नहीं सीधे श्मशान पहुंच जाता है
दुर्गापुर में घोष की रैली को प्रशासन द्वारा अनुमति नहीं दी गई थी. लेकिन बावजूद इसके भाजपा अध्यक्ष व नेताओं द्वारा रैली को संबोधित किया गया था.
2019 के आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर एक तरफ़ पूरे देश में सरगर्मी का माहौल है तो दूसरे तरफ़ भाजपा नेताओं की बेतुकी बयानबाज़ी भी लगातार जारी है. ताज़ा मामले में पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष का विवादित बयान सामने आया है. दुर्गापुर में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी जब किसी को मारती है तो वह अस्पताल नहीं सीधे श्मशान पहुंच जाता है.
एबीपी न्यूज़ की ख़बर के अनुसार दुर्गापुर के उखड़ा में जनसभा को संबोधित हुए घोष ने कहा कि “हमारी पार्टी जब किसी को मारती है तो वह अस्पताल नहीं सीधे श्मशान पहुंच जाता है. हम मारेंगे यहां लेकिन लाश यहां-वहां गिरेगा.” घोष का यह बयान टीएमसी विधायक जितेंद्र तिवारी के बयान पर पलटवार था.
दरअसल, घोष की रैली पर आपत्ति जताते हुए तिवारी ने कहा था कि “अगर वे दोबारा पश्चिम बर्दवान ज़िले में आकर इस तरह की हरकत करने की कोशिश करते हैं तो इस तरह से पिटाई की जाएगी कि कम से कम 6 महीने तक अस्पताल में पड़े रहेंगे.” टीएमसी विधायक के बयान पर बिना नाम लेते हुए भाजपा अध्यक्ष ने पलटवार करते हुए विवादित बयान दिया.
ज्ञात हो कि दुर्गापुर में घोष की रैली को प्रशासन द्वारा अनुमति नहीं दी गई थी. लेकिन बावजूद इसके भाजपा अध्यक्ष व नेताओं द्वारा रैली को संबोधित किया गया था. रैली के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं और सिविक वॉलिंटियर के बीच मारपीट की घटना भी सामने आई. गौरतलब है कि विधानसभा चुनावों में अपनी पकड़ मज़बूत बनाने के लिए भाजपा की तरफ से पूरी कोशिश की जा रही है. फ़िलहाल राज्य की 42 लोकसभा सीटों में से 34 सीटों प टीएमसी का क़ब्ज़ा है.
गौरतलब है कि भाजपा के अध्यक्ष व विधायक इस तरह की विवादित टिप्पणी को लेकर सुर्खियों में रहते हैं. इससे पहले भाजपा विधायक राम कदम ने लड़कियों पर विवादित बयान दिया था.