फिर से रूक गई मोदी जी की वंदे भारत एक्सप्रेस, शीशे में दरार की वजह से परिचालन में आई बाधा
ट्रेन की रफ्तार तेज़ होने की वजह से पत्थर का टुकड़ा कई कोचों को क्षतिग्रस्त करता हुआ निकल गया.
देश की पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस उद्घाटन के बाद से ही दुर्घटनाओं का शिकार हो रही है. बीते शनिवार (23 फरवरी) को वंदे भारत एक्सप्रेस के ड्राइवर विंड स्क्रीन और 6 कोचों की खिड़कियों के शीशों पर अचानक दरारें आ गई. जिसकी वजह से कुछ देर के लिए इसके परिचालन को रोकना पड़ा.
एनडीटीवी की ख़बर के अनुसार कानपुर और टुंडला के बीच शाम 7:46 मिनट के आसपास वंदे भारत एक्सप्रेस और डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस एक-दूसरे के आस-पास से गुजर रहीं थी तभी एक पत्थर का टुकड़ा उड़ते हुए वंदे भारत ट्रेन की ओर आ गया. ट्रेन की रफ्तार तेज़ होने की वजह से पत्थर का टुकड़ा कई कोचों को क्षतिग्रस्त करता हुआ निकल गया.
पत्थर का यह टुकड़ा ड्राइवर सीट की सामने वाले शीशे (विंड स्क्रिन) से टकराते हुए कोच नबंर C4, C6, C7, C8, C13 और कोच C 12 के दोनों तरफ की खिड़कियों से टकराया. घटना के बाद ट्रेन को कुछ देर के लिए रोक दिया गया.
ट्रेन में मौजूद तकनीकी विशेषज्ञों ने घटना की जांच करने के बाद ट्रेन को दिल्ली की ओर रवाना किया . ग़ौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है जब वंदे भारत एक्सप्रेस क्षतिग्रस्त हुई है, इससे पहले एक सांड इस ट्रेन से टकरा गया था, जिसकी वजह से ट्रेन के पहिए जाम हो गए थे.