ग़जब: उत्तराखंड में AAP ने नहीं उतारा था उम्मीदवार, फिर भी टाइम्स नाउ ने एग़्जिट पोल में दे डाला 2.9 प्रतिशत वोट
टाइम्स नाउ ने दावा किया कि चंडीगढ़ की सीट भाजपा को जाएगी जबकि इसी चैनल ने दावा किया कि यहां कांग्रेस को ज्यादा वोट मिला है
एग़्जिट पोल के नतीजे सामने आ चुके हैं. इन सबमें हैरान करने वाला नतीजा टाइम्स नाउ-वीएमआर के एग़्जिट पोल का रहा है. टाइम्स नाउ-वीएमआर ने उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी को 2.9 प्रतिशत वोट शेयर मिलने का दावा किया है, जबकि असलियत यह है कि आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड में अपना एक भी उम्मीदवार उतारा ही नहीं था. इसी प्रकार इस सर्वे में दावा किया गया है कि भाजपा चंडीगढ़ लोकसभा की सीट जीत रही है, जबकि यहां उसका वोट प्रतिशत काफ़ी कम है.
ग़लती पकड़े जाने पर टाइम्स नाउ ने अपने ट्वीट डिलीट कर लिए हैं. यह ख़बर लिखे जाने तक टाइम्स नाउ ने अपनी तरफ़ से कोई सफाई नहीं पेश की है.
सात चरणों का लोकसभा चुनाव बीतने के बाद 19 मई को टाइम्स नाउ ने अपने एग़्जिट पोल में दावा किया कि उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी का वोट प्रतिशत 2.9 रहा है, जबकि कांग्रेस को 38.81 प्रतिशत और भाजपा को 51.6 प्रतिशत वोट मिले हैं. जल्दी ही यह ग़लती पकड़ी गई और टाइम्स नाउ ने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया.
सच्चाई यह है कि आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड में अपने एक भी उम्मीदवार नहीं उतारे हैं.

इसी प्रकार टाइम्स नाउ ने दावा किया है कि चंडीगढ़ की एकमात्र लोकसभा सीट पर भाजपा को जीत हासिल हो रही है, जबकि यहां कांग्रेस को भाजपा से अधिक वोट मिले हैं.

एग़्जिट पोल का ट्रैक रिकॉर्ड ख़राब रहा है. अब तक के हर चुनाव में एग्जिट पोल के दावे ज्यादातर झूठ पाए गए हैं. 2004 में अधिकतर एग़्जिट पोल ने दावा किया था कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनेगी जबकि असल परिणाम यह आया कि यहां कांग्रेस नित गठबंधन की सरकार बनी.
आम चुनाव 2019 के परिणाम 23 मई को घोषित किए जाएंगे.
ये भी पढ़ें- अब तक झूठे साबित होते रहे हैं एग्जिट पोल, यहां जानें दावे और असलियत की सच्चाई