अब तक झूठे साबित होते रहे हैं एग्जिट पोल, यहां जानें दावे और असलियत की सच्चाई
याद है जब 2004 में किसी ने भी यूपीए की जीत की भविष्यवाणी नहीं की थी?
चुनाव के समाप्त होते ही सबकी नज़र एग्ज़िट पोल के नतीजों पर जम जाती है. इसी से हार जीत का अंदाजा लगाया जाता है. लेकिन, एग्जिट पोल हमेशा सही नहीं होते. हालिया उदाहरण के तौर पर देखें तो किसी भी एग्जिट पोल में स्कॉट मॉरिसन को जीतते हुए नहीं दिखाया गया, लेकिन जब चुनाव परिणाम आया तो ठीक उल्टा हुआ. ऑस्ट्रेलिया की राजनीति के धुरंधर पंडितों के लिए यह परिणाम चौंकाने वाला था. इसी तरह भारत में भी पिछले डेढ़ दशक में एग्जिट पोल ग़लत साबित हुए हैं. हम पिछले कुछ चुनावों के एग्जिट पोल का विश्लेषण कर रहे हैं.
2004 में लगभग सभी राजनीतिक पंडितों और विश्लेषकों ने माना था कि कारगिल युद्ध में जीत के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जबर्दस्ती वापसी होगी. लेकिन, परिणाम ठीक उल्टा आया. अटल बिहारी वाजपेयी की पार्टी और एनडीए गठबंधन करीब 180 सीटों पर सिमट कर रह गई. किसी भी सर्वे में नहीं कहा गया था कि यूपीए मजबूत होगा और सबसे अधिक 218 सीटें लाकर सरकार बनाने की स्थिति में पहुंच जाएगा और अगले 10 साल तक देश की सत्ता पर राज करेगा.
इसके बाद के चुनावों में भी एग्जिट पोल के नतीजे ग़लत साबित हुए हैं. अब हम देखते हैं कि अलग-अलग चुनावों में एग्जिट पोल ने किस पार्टी को कितनी सीटें दी थी और वास्तव में उन्हें कितनी सीटें मिली.
आम चुनाव 2004

इस चुनाव में एनडीए को 187 और कांग्रेस नित यूपीए को 219 सीटें मिली थी. वही अन्य के खाते में 105 सीटें गई थी.
एग्जिट पोल का क्या था अनुमान
- आजतक-ओआरजी मार्ग: एनडीए-248, कांग्रेस+ को 190, अन्य- 105
- एनडीटीवी-इंडियन एक्सप्रेस-एसी निल्सन: एनडीए- 230-250, कांग्रेस+ को 190-205, अन्य-100 से 120
- स्टार न्यूज़-सी वोटर: एनडीए- 263-275, कांग्रेस+ को 174-186 और अन्य को 86-98
- जी न्यूज़-तालीम: एनडीए-249, कांग्रेस+= 176, अन्य-117
- सहारा-डीआरएस: एनडीए-263-278, कांग्रेस+= 171, अन्य-92
आम चुनाव 2009

इस चुनाव में एनडीए को 159, यूपीए को 262 तथा अन्य को 79 सीटें मिली थी. अब देखते हैं एग्जिट पोल ने इस चुनाव में क्या दावा किया था.
- स्टार न्यूज़-एसी निल्सन: एनडीए-197, यूपीए-199, अन्य-136
- सीएनएन-आईबीएन: एनडीए-165-185, यूपीए- 185-205, अन्य- 165
- एनडीटीवी: एनडीए-177, यूपीए-216, अन्य-150
- हेडलाइन्स टुडे: एनडीए-180, यूपीए-191, अन्य-172
- न्यूज़ एक्स: एऩडीए- 199, यूपीए-191, अन्य- 152
- टाइम्स नाउ: एनडीए-183, यूपीए-198, अन्य-162
- इंडिया टीवी: एनडीए-189, यूपीए-195, अन्य-159
आम चुनाव 2014

इस चुनाव में एनडीए को 336 सीटों के साथ भारी जीत हासिल हुई थी. जबकि यूपीए को मात्र 59 सीटें मिली थी. अन्य को 2014 में 145 सीटें मिली थी. अब जानते हैं कि एग्जिट पोल ने इस चुनाव में क्या दावे किए थे.
- एनडीटीवी: एनडीए-258-300, यूपीए-91-115, अन्य: 149-173
- टाइम्स-ओआरजी: एनडीए-249, यूपीए-148, अन्य-146
- सीएनएन आईबीएन-सीएसडीएस लोकनीति: एनडीए: 270-282, यूपीए: 92-102, अन्य: 150-160
- इंडिया टीवी-सी वोटर: एनडीए-289, यूपीए-107, अन्य-147
- न्यूज़24-चाणक्य: एनडीए-340, यूपीए-70, अन्य-133
- एबीपी न्यूज़-एसी निल्सन: एनडीए-281, यूपीए-97, अन्य-165