अमिताभ बच्चन का शर्मनाक बयान, कहा- ना मैं तनुश्री दत्ता और ना नाना पाटेकर, नहीं दे सकता इसपर कोई प्रतिक्रिया
आमिर खान ने भी इस पर तटस्थता वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि इस मामले की सत्यता को जाने बिना कोई टिप्पणी की जानी चाहिए।
अभिनेत्री तनुश्री दत्ता के शरीरिक उत्पीड़न मामले में बॉलीवुड के शहंशाह कहे जाने वाले अमिताभ बच्चन ने शर्मनाक बयान दिया है। इस पूरे प्रकरण पर जब उनकी प्रतिक्रिया मांगी गई तो बच्चन ने कहा कि ना तो वे तनुश्री दत्ता हैं ना नाना पाटेकर, इसलिए वे इसपर कोई प्रतिक्रिया नहीं दे सकते।
यही नहीं मिस्टर परफेक्शनिस्ट के नाम से मशहूर आमिर खान ने भी इस पर तटस्थता वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि इस मामले की सत्यता को जाने बिना कोई टिप्पणी की जानी चाहिए। हालांकि उन्होंने बीच बचाव वाली भूमिका निभाते हुए कहा कि ये सब घटनाएं वास्तव में दुःखद हैं।
विडंबना है कि जिस अमिताभ बच्चन ने 2016 में पिंक फ़िल्म की रिलीज़ से पहले अपने नातिन नव्या नवेली नन्दा और पोती आराध्या को मजबूत और सशक्त महिला बनने का आग्रह किया था, उसी ने आज ऐन मौके पर एक महिला के प्रति जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ लिया।
ग़ौरतलब है कि मिस इंडिया रह चुकी अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने मी-टू कैंपेन के तहत बॉलीवुड की सच्चाई को सामने लाया है। एक्टर नाना पाटेकर पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा है कि 2008 में हॉर्न ओके प्लीज़ की शूटिंग के दौरान नाना पाटेकर ने उनका शारीरिक शोषण किया था।