बॉलीवुड, क्या आप सुन रहे हैं? अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने कहा – नाना पाटेकर ने उन पर हमला करवाया और कई अभिनेत्रियों के साथ शारीरिक उत्पीड़न करने का इतिहास है उनका
तनुश्री ने बताया कि पाटेकर का रवैय्या हमेशा से ही औरतों के प्रति अशिष्ट एवं अपमानजनक रहा है।
यूं तो बॉलीवुड फिल्म जगत में यौन उत्पीड़न, कास्टिंग काउच, महिलाओं के साथ अभद्रता जैसी घटनाओं का पुलिंदा जमा है जिसके बारे में अक्सर इस जगत के लोग चुप रहना ही पसंद करते हैं, लेकिन हाल ही में अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने इस विषय में प्रसिद्द अभिनेता नाना पाटेकर पर अपने सह-अभिनेत्रियों के साथ फिल्म के सेट पर कथित तौर पर शारीरिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है।
बॉलीवुड लाइफ नामक एक वेबसाइट की एक ख़बर के अनुसार तनुश्री ने यह दावा किया है कि पाटेकर का अभिनेत्रियों के साथ शारीरिक उत्पीड़न करने का इतिहास रहा है लेकिन किसी ने इस विषय पर कभी खुल कर बात नहीं की। उन्होंने यह भी कहा कि बॉलीवुड में कई बड़े अभिनेता एवं फिल्म निर्माता इसी प्रवृत्ति के हैं लेकिन उनके ख़िलाफ़ बात करने की कभी कोई हिम्मत नहीं जुटा पाता।
ज़ूम टीवी के साथ अपने साक्षात्कार के दौरान तनुश्री ने बताया कि पाटेकर का रवैय्या हमेशा से ही औरतों के प्रति अशिष्ट एवं अपमानजनक रहा है। तनुश्री दत्ता ने अपने इस साक्षात्कार में बताया कि ‘हॉर्न ओके’ के सेट पर पाटेकर ने तनुश्री के साथ किसी डांस सीक्वेंस को करने के लिए ज़बरदस्ती की थी जिसे करने से तनुश्री ने इनकार कर दिया था। तनुश्री ने आरोप लगाया की पाटेकर ने वहाँ खड़े सभी कोरियोग्राफेरों को हट जाने के लिए कहा।
तनुश्री ने बताया, “इस घटना के बाद नाना पाटेकर ने एक राजनितिक संगठन के कार्यकर्ताओं को सेट पर बुला लिया जो लिंचिंग और सेट पर तोड़-फोड़ करने के लिए मशहूर है। उन्होंने मेरी गाड़ी पर हमला कर दिया।”
गौरतलब है कि एक तरफ नाना पाटेकर को ऐसे व्यक्ति के रूप में दर्शाने की हमेशा कोशिश की गई है जो एक सभ्य एवं जागरूक नागरिक हैं। लेकिन इस तरह की घटनाएँ उनका एक अलग ही चरित्र सामने लाकर रखती है।
ज्ञात हो कि 2017 में अक्टूबर महीने में ही हॉलीवुड में एक #MeToo मूवमेंट शुरू हुआ था। हॉलीवुड अभिनेत्री अलिसा मिलानो ने फिल्म निर्माता हार्वे विनस्टेन द्वारा किए गए कथित यौन उत्पीड़न के ख़िलाफ़ इस मूवमेंट को शुरू किया था। इस मूवमेंट में पूरी दुनिया से हर क्षेत्र की महिलाओं ने हिस्सेदारी की और अनगिनत यौन उत्पीड़न एवं शोषण के मुद्दे खुलकर बाहर आए। बॉलीवुड की भी कई अभिनेत्रियां इस मूवमेंट का हिस्सा बनीं। एक तरफ जब दुनिया भर में औरतें इस तरह से यौन उत्पीड़न, शोषण एवं महिलाओं के ख़िलाफ़ किए जाने वाले अपराधों के विरुद्ध अपनी आवाज़ बुलंद कर रही हैं, तो दूसरी ही तरफ बॉलीवुड में इस तरह की घटनाओं पर पूरा बॉलीवुड जगत चुप्पी साधे बैठा है।