पुलवामा हमला: कंगना के कॉमेंट पर शबाना आज़मी का जवाब- यह समय पर्सनल कॉमेंट करने का नहीं है
कंगना रनौत ने शबाना आज़मी द्वारा पाकिस्तान का निमंत्रण स्वीकार किए जाने पर आपत्ति जताई थी.
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों पर हुए आतंकवादी हमले की देशभर में निंदा हो रही है. बॉलीवुड भी पाकिस्तान और आतंकवादियों की इस कायराना हरकत की जमकर आलोचना कर रहा है.
जावेद अख़्तर और शबाना आज़मी ने भी पाकिस्तान आर्ट फ़ेस्टिवल का अपना दौरा रद्द कर दिया है. लेकिन इसके बावजूद इस मामले को लेकर व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप जारी है.
ताज़ा मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने एक एंटरटेनमेंट वेबसाइट से बातचीत करते हुए शबाना आज़मी द्वारा पाकिस्तान का निमंत्रण स्वीकार किए जाने पर आपत्ति जताई है.
आजतक की ख़बर के अनुसार कंगना ने शबाना आज़मी पर निशाना साधते हुए कहा कि शबाना आज़मी जैसे लोग भारत तेरे टुकड़े होंगे जैसे गैंग का समर्थन करते हैं.
कंगना ने आगे कहा कि आखिर उन्होंने पाकिस्तान के फेस्टिवल का न्योता स्वीकार क्यों किया. क्या उन्हें नहीं पता है कि उरी घटना के बाद हमारे देश में पाकिस्तानी एक्टर्स बैन है.
कंगना के बयान पर शबाना आज़मी ने बड़ी ही शांति के साथ जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि क्या आपको लगता है कि यह समय पर्सनल कॉमेंट करने का है जब पूरा देश पुलवामा आतंकी घटना की निंदा कर रहा हो. उन्होंने कहा कि भगवान उन्हें आशीर्वाद दें.
ग़ौरतलब है कि बीते गुरुवार को पुलवामा में आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवानों की मौत हो गई थी वहीं कई जवान घायल हुए थे. इस हमले की निंदा करते हुए जावेद अख्तर और शबाना आज़मी ने पाकिस्तान आर्ट फेस्टिवल का दौरा रद्द कर दिया था.
इसे भी पढ़ें- जावेद अख़्तर और शबाना आज़मी ने रद्द किया पाकिस्तान दौरा, लिटरेचर कॉन्फ़्रेंस से मिला था आमंत्रण