वोट के लिए दंगा करवा रहे हैं बजरंग दल और वीएचपी के लोग- उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर
राजभर ने कहा कि विडियो सबके सामने है कि दंगा इन लोगों ने कराया है.
उ.प्र सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बुलंदशहर में हुई हिंसा के लिए बजरंग दल और वीएचपी को ज़िम्मेदार ठहराया. उन्होंने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह वोट की साज़िश है. वोट के लिए बजरंग दल और वीएचपी लोगों की भावनाओं को भड़का रहे हैं. उन्होंने कहा कि विडियो सबके सामने हैं कि दंगा इन लोगों ने कराया है.
न्यूज़18 की ख़बर के मुताबिक़ राजभर ने कहा कि बजरंग दल और वीएचपी के लोग भाजपा के लिए काम करते हैं. इस घटना में भाजपा का नेता भी पकड़ा गया है. उन्होंने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री योगी इतना ही कहेंगे कि इनके ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाए.
राजभर ने बुलंदशहर की घटना पहले से प्रयोजित करार देते हुए कहा कि दंगा करने के लिए योजना बनाकर लोगों को भड़काया गया. उन्होंने कहा कि सड़क को जाम क्यों किया गया, यह एक बड़ा सवाल है. गौरतलब है कि हिंसा भड़काने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ़्तार किया है. वहीं भाजपा युवा मोर्चा और बजरंग दल व वीएचपी के कार्यकर्ताओं के ख़िलाफ़ भी मामला दर्ज किया गया है.