बुलंदशहर हिंसा में शामिल थे भाजपा, विहिप और बजरंगदल के नेता, एफआईआर दर्ज़
शहीद इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की हत्या और गोकशी मामले में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज किए गए हैं.
बुलंदशहर में बीते सोमवार को हिंसा भड़काने और इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की हत्या के मामलों में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ़्तार किया. स्याना कोतवाली में बजरंग दल के ज़िला संयोजक योगेश राज, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष शिखर अग्रवाल और वीएचपी कार्यकर्ता उपेंद्र राघव के ख़िलाफ़ हिंसा भड़काने के लिए मामला दर्ज किया गया है.
न्यूज़18 की ख़बर के अनुसार पुलिस ने हिंसा मामले में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं. एक एफआईआर इंस्पेक्टर सुबोध कुमार की हत्या मामले में दर्ज की गई है जिसमें 28 नामजद आरोपियों समते 60 अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज की गई. सिंह की हत्या के मामले में दर्ज एफआईआर में बजरंग दल के नेता योगेश राज को मुख्य आरोपी बनाया गया है. सूत्रों के मुताबिक़ योगेश राज ने ही गोकशी की शिकायत सबसे पहले की थी.
दूसरा एफआईआर गोकशी के मामले में सात लोगों के ख़िलाफ़ दर्ज की गई है. हालांकि इस मामले की जांच के लिए एसआईटी और एडीजी इंटेलिजेंस का गठन किया गया है. मामले की जांच के लिए पुलिस की छह टीमें बनाई गई हैं, जो आरोपियों को पकड़ने के लिए 22 ठिकानों पर छापे मार चुकी हैं. ज्ञात हो कि बीते सोमवार को बुलंदशहर में गोकशी की अफवाह फैलने के बाद हिंसा भड़क गई थी, जिसमें इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की गोली लगने से मौत हो गई.