तनुश्री दत्ता के बिग बॉस में हिस्सा लेने पर मनसे ने दी खुलेआम हिंसा की धमकी
तनुश्री ने नाना पाटेकर पर लगाया था शारीरिक और यौन उत्पीड़न का आरोप।
तनुश्री दत्ता के मामले में अब महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) सीधे तौर पर धमकी देने पर उतर आई है। एक तरफ जहां तनुश्री दत्ता के बिग बॉस के बारहवे सीज़न में जाने की ख़बर आ रही है, वहीं एमएनएस ने बिग बॉस के निर्माताओं को एक चिट्ठी सौंप दी है, जिसमें साफ़ तौर पर कहा गया है कि अगर तनुश्री बिग ने बॉस के घर में प्रवेश किया तो वे लोग हिंसा का रास्ता अपनाएंगे।
एएनआई की एक ख़बर के मुताबिक़ एमएनएस के युवा विंग ने आज बिग बॉस में तनुश्री दत्ता के आने पर हिंसा की धमकी देते हुए बिग बॉस के निर्माताओं को उनके लोनावला के सेट पर एक चिट्ठी सौंपी।
Youth wing of Maharashtra Navnirman Sena (MNS) today handed over a letter to Bigg Boss makers at the show's Lonavala set, threatening them of violence if #TanushreeDutta enters the house pic.twitter.com/OeGoooqj0M
— ANI (@ANI) October 3, 2018
ज्ञात हो कि तनुश्री दत्ता ने हाल ही में नाना पाटेकर पर 2008 में हॉर्न ओके प्लीज़ नामक फिल्म में उनके साथ शारीरिक एवं यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। इसके बाद से तनुश्री को तरह-तरह से परेशान किया जा रहा है।
ग़ौरतलब है कि 2008 में भी तनुश्री के साथ कथित शारीरिक उत्पीड़न के बाद हॉर्न ओके प्लीज़ के सेट पर कई राजनीतिक संगठन के कार्यकर्ताओं ने तनुश्री दत्ता की गाड़ी के साथ तोड़-फोड़ की थी। जिसे दत्ता के बयान के मुताबिक़ पाटेकर ने ही सेट पर बुलवाया था।
अजीब बात तो यह है कि हिंसा करना या हिंसा करने की धमकी देना भारतीय संविधान में अपराध माना गया है। लेकिन, यहाँ तो धमकी भरी चिट्टी बड़े ही ज़ोर-शोर से सौंपी भी जा रही है और स्वीकारी भी जा रही है।
सारे मामले में एक बात बहुत साफ़ तौर पर उभर कर आ रही है कि एक तरफ़ तो हमारा समाज यह कहता है कि महिलाओं को अपने हक़ों के लिए और ख़ुद के साथ हुए अपराधों के ख़िलाफ़ लड़ना चाहिए और दूसरी ही तरफ जब कोई महिला ऐसा करने की कोशिश करती है तो यही समाज उसे हर तरह से दबाने की कोशिश करता है।