BJP विधायक ने वोटरों को दी खुलेआम धमकी- मोदीजी ने पोलिंग बूथ पर लगवा रखे हैं कैमरे, कमल का बटन नहीं दबाया तो काम मिलना बंद
आपको डराया जा रहा है. क्या आप डर रहे हैं?
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर चुनावी प्रचार करने पहुंच रहे भाजपा नेता लगातार मतदाताओं को धमकी देकर वोट मांगते नजर आ रहे हैं. ताज़ा मामले में गुजरात के दाहोद में भाजपा विधायक रमेश कटारा ने लोगों को धमकी देते हुए सिर्फ भाजपा को वोट देने को कहा है और ऐसा न करने पर लोगों को काम न देने की चेतावनी भी दी है.
आजतक की ख़बर के अनुसार दाहोद के फतेहपुरा सीट से भाजपा विधायक रमेश कटारा ने एक सभा के दौरान मतदाताओं से कहा, “ईवीएम मशीन में जसवंत भाभोर (भाजपा के प्रत्याशी) का फ़ोटो लगा होगा. उसके आगे कमल का निशाना होगा उसी बटन को दबाना.”
भाजपा विधायक ने कहा, “इस बार मोदी साहब ने मतदान केंद्रों पर कैमरा लगाया है. आप भाजपा के अलावा किसी कांग्रेस प्रत्याशी को वोट देते हुए कैमरे में दिखे तो सब पता चल जाएगा कि कौन कांग्रेसी है.”
लोगों को धमकाते हुए रमेश कटारा ने आगे कहा, “मोदी साहब ने आधार कार्ड, राशन कार्ड सबमें फ़ोटो लगवाए हैं. जिससे आपकी पहचान हो जाएगी. आपके बूथ से कम वोट निकले तो पता चल जाएगा कि किसने वोट नहीं दिया. इसके बाद आपको काम मिलना बंद हो जाएगा.”
ग़ौरतलब है कि चुनाव आयोग ने भड़काऊ बयानबाजी करने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा नेता आज़म खान समेत केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के चुनाव प्रचार पर रोक लगाई है. लेकिन, बावजूद इसके नेता अपनी भड़काऊ बयानबाजी पर रोक नहीं लगा रहे हैं.
उल्लेखनीय है कि इससे पहले केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी भी मुस्लिम समाज को धमकी भरे लिहाजे में वोट देने की अपील कर चुकी हैं.