छत्तीसगढ़: ईवीएम मशीन के साथ छेड़छाड़ की आंशका, कांग्रेसी नेता ने चुनाव आयोग से की शिकायत
मध्यप्रदेश के शाजापुर में भी ईवीएम मशीन को भाजपा नेता के होटल में रखने का मामला सामने आया था.
विधानसभा चुनावों के चलते मतदान संपन्न हो चुके राज्यों से ईवीएम मशीनों से छेड़छाड़ या खराबी की शिकायतें सामने आ रही हैं. ताज़ा मामला छत्तीसगढ़ का है जहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया ने मतदान गिनती की प्रक्रिया की सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्ट्रॉन्ग रूम के आसपास अज्ञात लोगों के घूमने को लेकर चुनाव आयोग से शिकायत की है.
फ़र्स्टपोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार पीएल पुनिया ने कहा, “छत्तीसगढ़ में मतदान खत्म हो गया है. हमने ईवीएम और स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित गिनती प्रक्रिया और उनके सुरक्षा उपायों को सुनिश्चित करने के लिए आयोग को सुझाव दिया है क्योंकि कुछ अज्ञात लोगों को लैपटॉप और मोबाइल के साथ स्ट्रॉन्ग रूम के आसपास देखा गया था जबकि इसकी अनुमति नहीं होती है.”
ज्ञात हो कि इसी प्रकार भोपाल के स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर एलईडी के बंद होने पर आपत्ति जताते हुए कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से शिकायत की थी. गौरतलब है कि मध्यप्रदेश के शाजापुर में ईवीएम मशीन को भाजपा नेता के होटल में रखने का मामला सामने आया था.