7 साल में 3 गुना बढ़ी BJP अध्यक्ष चौकीदार अमित शाह की संपत्ति
साल 2017 में राज्यसभा चुनाव के दौरान शाह ने शपथ पत्र में 34 करोड़ 31 लाख की संपत्ति बताई थी.
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह की संपत्ति पिछले सात सालों में तीन गुना हो गई है. अमित शाह 38.81 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति के मालिक हैं.
जनसत्ता के मुताबिक गांधीनगर लोकसभा सीट से नामांकन करते हुए उन्होंने शपथ पत्र सौंपा है. जिसके अनुसार पिछले सात सालों में उनकी संपत्ति में तीन गुना इज़ाफ़ा हुआ है.
शपथ पत्र के अनुसार अमित शाह और उनकी पत्नी सोनल बेन की कुल चल-अचल संपत्ति 2012 में 11.79 करोड़ रुपए थी. जो आज बढ़कर 38 करोड़ 45 लाख की हो गयी है. शाह परिवार द्वारा घोषित संपत्ति में उनकी पैतृक संपत्ति भी शामिल है.
जनसत्ता के अनुसार आईटीआर में शाह दंपत्ति ने कुल 2.84 करोड़ की आय का ख़ुलासा किया है. उन्होंने अपनी आय का मुख्य स्त्रोत संसद से मिलने वाली सैलरी, चल संपत्ति से मिलने वाला किराया और कृषि बताया है.
शपथ पत्र के मुताबिक शाह दंपत्ति के पास अलग-अलग बैंक खातों में कुल 27 लाख 80 हज़ार रुपए हैं. इसके अलावा 9.80 लाख रुपए की फिक्सड डिपॉजिट भी इनके पास है.
जनसत्ता के मुताबिक नामांकन के वक्त अमित शाह के पास कुल 20 हज़ार 633 रुपए नगद थे. वहीं, उनकी पत्नी के पास 72 हज़ार 578 रुपए थे.
साल 2017 में राज्यसभा चुनाव के दौरान शाह ने शपथ पत्र में 34 करोड़ 31 लाख की संपत्ति बताई थी, इस प्रकार यह साबित होता है कि 2017 से 2019 के बीच उनकी कुल संपत्ति में 4.5 करोड़ रुपए का इज़ाफ़ा हुआ है.
वहीं, शाह के हलफ़नामे के मुताबिक उनके पास सात कैरेट हीरे के अलावा 25 किलो चांदी समेत 35 लाख से अधिक के जेवरात हैं. उनकी पत्नी के पास 63 कैरेट हीरे और 1 किलो 620 ग्राम सोना समेत 63 लाख रुपए से अधिक के जेवरात हैं.
इसे भी पढ़ें- अमित शाह की चौकीदारी: पिछले पांच साल में 16 गुना बढ़ गई BJP अध्यक्ष की पत्नी की कमाई