अमित शाह की चौकीदारी: पिछले पांच साल में 16 गुना बढ़ गई BJP अध्यक्ष की पत्नी की कमाई
गांधीनगर लोकसभा सीट से अपना नामांकन भरते हुए अमित शाह ने इसका खुलासा किया.
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौकीदार अमित शाह की पत्नी सोनल शाह की आय पिछले पांच साल में 16 गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है. पांच साल पहले उनकी सालाना आय 14 लाख थी, जो 2019 में 2.3 करोड़ रुपए प्रतिवर्ष हो गई है.
नेशनल हेराल्ड की ख़बर के मुताबिक गांधीनगर लोकसभा सीट से अपना नामांकन भरते हुए अमित शाह ने इसका खुलासा किया. नामांकन पत्र की घोषणा के मुताबिक अमित शाह की कुल चल और अचल संपत्ति 31 करोड़ रुपए की है. अमित शाह ने बताया है कि उन्हें 2013 में अपनी दिवंगत मां कुसुम शाह से विरासत में 23 करोड़ रुपए मिले थे.
2013-14 में अमित शाह की आय 41,93,218 रुपए थी. 2017-18 में उनकी आय 53,90,970 रुपए हो गई. अमित शाह की पत्नी सोनल शाह की आय 2013-14 में 14,55,637 रुपए थी जो 2017-18 में बढ़कर 2.3 करोड़ रुपए हो गई है.
2014-15 में सोनल शाह की आय 39,78,970 रुपए थी. 2015-16 में उनकी आय बढ़कर 1 करोड़ हो गई.उनकी आय का स्रोत किराए, खेती और शेयर में इन्वेस्टिंग को बताया गया है.
शपथ पत्र में अमित शाह ने बताया है कि उनके ख़िलाफ़ 4 आपराधिक मुक़दमे पेंडिंग हैं.