EVM की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी चुनाव आयोग की, संस्था की विश्वसनीयता बनी रहनी चाहिए- प्रणब मुखर्जी
पूर्व राष्ट्रपति का बयान उस समय सामने आया है जब उत्तर प्रदेश, बिहार और हरियाणा समेत कई राज्यों से ईवीएम की कथित अवैध आवाजाही की ख़बरें सामने आ रही हैं.
स्ट्रॉन्ग रूम में सेंध को लेकर अलग-अलग राज्यों से कई ख़बरे सामने आ रही हैं. इसी बीच पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने चुनाव आयोग से अपनी विश्वसनीयता सुनिश्चित करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि वे ईवीएम की सुरक्षा को लेकर आ रही ख़बरों से परेशान हैं.
पूर्व राष्ट्रपति ने ट्वीट कर कहा, “चुनाव आयोग की कस्टडी में जो ईवीएम मशीनें हैं, उनकी सुरक्षा चुनाव आयोग की ज़िम्मेदारी है. लोकतंत्र को चुनौती देने वाली अटकलों के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए. जनता का फ़ैसला सबसे ऊपर है और उसे लेकर थोड़ा-सा भी संदेह नहीं होना चाहिए.”
Please read my statement below.#CitizenMukherjee pic.twitter.com/UFXkbv06Ol
— Pranab Mukherjee Legacy Foundation- PMLF (@CitiznMukherjee) May 21, 2019
उन्होंने आगे कहा, “मैं देश की संस्थानों पर विश्वास करता हूं. संस्थान कैसे काम करते हैं यह वहां काम करने वाले लोगों के फ़ैसल पर निर्भर करता है. इस मामले में चुनाव आयोग की ज़िम्मेदारी है कि वह संस्था की विश्वसनीयता को सुनिश्चित करे. उन्हें इस तरह की अटकलों पर रोक लगानी चाहिए.”
ग़ौरतलब है कि इससे पहले एक पुस्तक विमोचन के मौके पर प्रणब मुखर्जी ने चुनाव आयोग की तारीफ करते हुए कहा था कि 2019 का लोकसभा चुनाव शानदार तरीके से पूरा कराया गया है.
बता दें कि पूर्व राष्ट्रपति का बयान उस समय सामने आया है जब उत्तर प्रदेश, बिहार और हरियाणा के उत्तरी राज्यों में ईवीएम की कथित अवैध आवाजाही की कई रिपोर्टें सामने आ रही हैं. ईवीएम में कथित गड़बड़ी को लेकर विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने दिल्ली में अहम बैठक बुलाई है.