ऐसे हो रही EVM की सुरक्षा? हाज़ीपुर में डेढ़ घंटे तक गुल रही स्ट्रॉन्ग रूम की बिजली, RJD उम्मीदवार ने जताया रोष
राजद उम्मीदवार ने कहा कि आख़िर स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर और अंदर डेढ़ घंटे से बिजली क्यों गायब है.
बिहार में ईवीएम की सुरक्षा को लेकर प्रशासन के द्वारा लगातार की जा रही चूक की ख़बरें सामने आ रही है. ताज़ा मामले में बिहार के हाज़ीपुर लोकसभा क्षेत्र के आरएन कॉलेज स्थित स्ट्रॉन्ग रूम की बिजली अचानक डेढ़ घंटे के लिए गुल हो गई. इसके बाद महागठबंधन के उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर पहुंच गए. उम्मीदवार शिवचंद्र राम ने इस मामले को लेकर ज़िला निर्वाचन पदाधिकारी शिकायत की है.
प्रभात ख़बर के अनुसार घटना सोमवार की मध्य रात्रि की है. बिजली गुल होने पर शिवचंद्र राम ने कहा कि “देश भर में ईवीएम बदली जा रही है, इससे हम सशंकित हैं. आख़िर स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर और अंदर डेढ़ घंटे से बिजली क्यों गायब है..इस मामले की उच्चस्तरीए जांच होनी चाहिए.”
बता दें कि इससे पहले दावा किया जा रहा था कि छपरा में स्ट्रॉन्ग रूम के पास आरजेडी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने ईवीएम से भरी कई गाड़ियां पकड़ी थी. हालांकि बाद में आरजेडी के स्थानीय चुनाव कार्यकर्ता ने एसडीओ सदर छपरा के सामने लिखकर दिया है कि इन ईवीएम का स्ट्रांग रूम में रखे गए ईवीएम से कोई संबंध नहीं है.