अजब-ग़ज़ब एग़्जिट पोल: News18-IPSOS ने बिहार में लोजपा को दी 5 से 7 सीट, लेकिन पार्टी ने चुनाव में उतारे थे मात्र 6 उम्मीदवार
बिहार के 40 सीटों में बीजेपी-जदयू 17-17 सीटों पर जबकि लोजपा 6 सीट पर चुनाव लड़ी है.
अलग-अलग एजेंसियों द्वारा जारी किए गए एग़्जिट पोल में भारी गड़बड़ियां सामने आई हैं. बीते रविवार को न्यूज़ 18 आईपीएसओएस के एग़्जिट पोल में बताया गया कि बिहार में एनडीए की सहयोगी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी(लोजपा) राज्य के पांच से सात सीटों पर जीत हासिल कर सकती है. लेकिन वास्तविकता यह है कि लोजपा ने इस लोकसभा चुनाव में मात्र अपने छह उम्मीदवार ही उतारे हैं.
एजेंसी की इस ग़लती को कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने पकड़ा. उन्होंने जारी किए एग़्जिट पोल की तस्वीर शेयर करते हुए ट्वीट किया, “यही कारण है कि मैं #ExistPolls को लेकर इतना सशंकित हूं. बिहार में 6 सीटों पर लोजपा चुनाव लड़ रही है और CNNnews18 जैसे प्रतिष्ठित चैनल भविष्यवाणी कर रहा है कि पार्टी 5-7 सीटों पर विजयी होगी.”
This is why I am so sceptical about #ExistPolls. The LJP is contesting on 6 seats in Bihar and a reputed channel like @CNNnews18 is predicting that the party would stand victorious on 5-7 seats. #ExitPoll2019 pic.twitter.com/EiA2ykCQnu
— Abhishek Singhvi (@DrAMSinghvi) May 20, 2019
बता दें कि लोकसभा के 40 सीटों में बीजेपी-जदयू 17-17 सीटों पर चुनाव लड़ी हैं, जबकि लोजपा को मात्र छह सीट ही मिल पाया था.
इन छह सीटों पर समस्तीपुर से रामचंद्र पासवान, हाजीपुर से पशुपति कुमार पारस, जमुई से चिराग पासवान, वैशाली से लोजपा विधायक दिनेश सिंह की पत्नी वीणा सिंह, नवादा से लोजपा नेता सूरजभान की पत्नी वीणा देवी और खगड़िया से चौधरी महबूब अली कैसर ने चुनाव लड़ा.
इसे भी पढ़ें- इंडिया टुडे-एक्सिस Exit poll ने उत्तराखंड की पांचों सीटों का नाम ग़लत लिखा फिर भी BJP को दिलाई छप्पड़ फाड़ जीत
बता दें कि एग़्जिट पोल जारी करने वाली कई एजेंसियों के आंकड़ों में काफ़ी ग़लतियां हैं. जब सोशल मीडिया पर खुलासे हो रहे हैं तो वेबसाट से कन्टेंट को हटा लिया जा रहा है. टाइम्स नाउ-वीएमआर एग्जिट पोल ने उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी को 2.9 प्रतिशत वोट शेयर दे दिया जबकि वहां से कोई आम आदमी पार्टी को कोई उम्मीदवार ही खड़ा नहीं था.
इंडिया टुडे-एक्सिस एग्जिट पोल भी त्रुटियों से भरा था. इतना ही नहीं एजेंसी एक्सिस माई इंडिया ने सोमवार को अपनी वेबसाइट से विस्तृत सीटों और वोट शेयर अनुमानों की जानकारी पूरी तरह से हटा ली.
इसे भी पढ़ें- इंडिया टुडे-एक्सिस के एग़्जिट पोल में कई ख़ामियां, पकड़े जाने के बाद एजेंसी ने सीट और वोट शेयर की सूचना वेबसाइट से हटाई