May a good source be with you.

गुंडागर्दी पर उतर चुकी है भाजपा सरकार, मुझे मेरे बीमार पिता से नहीं मिलने दिया जा रहा: तेजस्वी यादव ने जारी किया विडियो

तेजस्वी यादव ने विडियो में कहा, “यह अमानवीय व्यवहार बीजेपी सिर्फ और सिर्फ चंद वोटों के लिए कर रही है. बीमार लालू जी को मानसिक तौर पर प्रताड़ित किया जा रहा है.”

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने अपने पिता लालू प्रसाद यादव की ख़राब तबीयत की चिंता जताई है और उनसे ना मिलने देने के कारण भाजपा सरकार पर निशाना भी साधा है.

ट्विटर पर तेजस्वी यादव ने लिखा है, “विगत दो महीनों से हमारे परिवार में से किसी को भी मेरे बीमार पिता से मिलने नहीं दिया जा रहा है. भाजपाई सरकार गुंडागर्दी पर उतर चुकी है. ईर्ष्या और द्वेष के चलते सारे कानून-कायदों की धज्जियां उड़ाई जा रही है. लालू जी के साथ युद्धबंदियों से भी बदतर अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है.”

ट्विटर पर साझा किए गए अपने विडियो संदेश में तेजस्वी यादव ने कहा है, “अभी हम कुछ दिनों पहले रांची गए थे. अपने पिता से मिलने. आपलोग सबलोग जानते हैं कि साजिश के तहत उनको जेल में बंद करके रखा गया है. वो बीमार अवस्था में हैं और रांची के अस्पताल में भर्ती हैं. हम उनका हाल जानने रांची गए, लेकिन सुबह से शाम तक जेल सुपरिटेंडेंट से बात करने की कोशिश की, लेकिन ना उन्होंने हमसे बात की ना हमारे पिता से मिलने दिया गया.”

आगे तेजस्वी यादव ने कहा कि लालू जी को ब्लड सुगर, किडनी में 60 फीसदी संक्रमण, हाइ ब्लड प्रेशर और किडनी स्टोन जैसी कई बीमारियां हैं. तेजस्वी का कहना है, “डॉक्टर्स ने हमें बताया कि लालू जी के स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है. यह अमानवीय व्यवहार बीजेपी सिर्फ और सिर्फ चंद वोटों के लिए कर रही है. बीमार लालू जी को मानसिक तौर पर प्रताड़ित किया जा रहा है.”

आगे तेजस्वी यादव ने कहा कि हमारे पूरे परिवार को निशाना बनाकर छापे मारे जा रहे हैं, लेकिन जनता की अदालत में ना तो तारीख तय होता है ना सुनवाई होता है. सिर्फ फैसला होता है.

बता दें कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव चारा घोटाले से जुड़े एक मामले में रांची की जेल में बंद हैं और पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे हैं. लेकिन, लालू यादव के परिवारवालों का आरोप है कि उन्हें कुछ दिनों से लालू जी से नहीं मिलने दिया जा रहा है. हाल ही में प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी ने भी आरोप लगाया था कि मोदी सरकार लालू जी को जेल में ही ज़हर देकर मार देना चाहती है.

बिहार के राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मोदी सरकार लालू यादव को जनता की पहुंच से दूर रखना चाहती है, ताकि उनकी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल को चुनावी फ़ायदा ना मिल सके.

इसे भी पढ़ें- परिवार के किसी भी सदस्य को महीनों से लालू जी से मिलने नहीं दिया जा रहा है: राबड़ी देवी ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+