नीतीश जी ने तोड़ दी है मर्यादा और नैतिकता की सीमाएं, अपने आकाओं के माफ़र्त लालू जी की करा रहे प्रताड़ना: तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने सवाल पूछा कि मुजफ़्फरपुर में बालिकाओं के बलात्कार और सृजन घोटाले जैसे कामों के लिए जनता नीतीश जी को वोट दे?
राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोला है. तेजस्वी यादव ने कहा है कि नीतीश जी लालू जी के वोट से मुख्यमंत्री बने हैं और आज उन्हें ही गाली दे रहे हैं. तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर नीतीश कुमार में हैसियत है तो विधानसभा भंग कर चुनाव में उतर जाएं.
ट्विटर पर तेजस्वी यादव ने लिखा है, “नीतीश जी ने मर्यादा और नैतिकता की सभी सीमाएं तोड़ दी है. लालू जी के वोट से CM बने बैठे हैं और उन्हें ही गाली दे रहे हैं. अपने आका के मार्फ़त उन्हें जेल में प्रताड़ित करा रहे हैं. अगर ज़मीर होता तो विधानसभा भंग कर चुनाव में जाते,हैसियत का पता लग जाता. बिना बैसाखी एक चुनाव नहीं जीते हैं.”
नीतीश जी ने मर्यादा और नैतिकता की सभी सीमाएँ तोड़ दी है। लालू जी के वोट से CM बने बैठे है और उन्हें ही गाली दे रहे है।अपने आका के मार्फ़त उन्हें जेल में प्रताड़ित करा रहे है।
अगर ज़मीर होता तो विधानसभा भंग कर चुनाव में जाते,हैसियत का पता लग जाता।बिना बैसाखी एक चुनाव नहीं जीते है
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) April 24, 2019
बता दें कि 2015 में नीतीश कुमार की पार्टी जदयू और लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल ने एक साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ा था. भाजपा विरोधी इन दलों ने साथ मिलकर सरकार बनाई, लेकिन 2017 में नीतीश कुमार ने राजद के साथ गठबंधन तोड़कर भाजपा के साथ सरकार बना लिया. इसके बाद से राजद नेता तेजस्वी यादव और अन्य विपक्षी दल के नेता नीतीश के ऊपर जनादेश के अपमान का आरोप लगाते रहे हैं.
इधर, नीतीश कुमार आम चुनाव की रैलियों में अपने पंद्रह साल के काम की मजदूरी के नाम पर वोट मांग रहे हैं. इस पर निशाना साधते हुए तेजस्वी यादव ने बीते मंगलवार को पूछा था कि मुजफ़्फरपुर में बालिकाओं के बलात्कार और सृजन घोटाले जैसे कामों के लिए जनता नीतीश जी को वोट दे?
इसे भी पढ़ें- मुजफ़्फरपुर में बालिकाओं के बलात्कार और सृजन जैसे घोटाले के लिए जनता आपको वोट दे नीतीश जी? : तेजस्वी यादव