उत्तर प्रदेश: ट्रिप के दौरान यौन उत्पीड़न की शिकायत करने वाली मुस्लिम छात्रा को कॉलेज ने किया निलंबित
बीते 8 अप्रैल को दक्षिणपंथी समूह ने कॉलेज में उमम खानम के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन भी किया था.
उत्तर प्रदेश के मेरठ में दीवान लॉ कॉलेज की छात्रा उमम खानम को कॉलेज प्रशासन ने निलंबित कर दिया है. हाल ही में उमाम ने कॉलेज ट्रिप के दौरान दो लड़कों पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था. जिसके बाद कॉलेज प्रशासन ने आरोपी लड़कों को निलंबित कर दिया गया था.
सबरंग इंडिया के मुताबिक अब उमम खानम ने आरोप लगाया, “उन्हें निलंबित करना पूरी तरह से अनुचित है और कॉलेज प्रशासन द्वारा उन पर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है.”
उमम खानम ने कहा, “वे चाहते हैं कि मैं बयान देने के लिए कॉलेज जाऊं, लेकिन मैं अपनी सुरक्षा के लिए डरती हूं. मैं घटना के बाद से कॉलेज नहीं गया हूं. , छात्र, शिक्षक और पूरा प्रशासन हर कोई मेरे ख़िलाफ़ है. दक्षिणपंथी समूह मेरे खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. उमम ने सवाल किया कि मैं कॉलेज कैसे जा सकती हूं.” उन्होंने कहा, “वे इस निलबंन को मेरे ख़िलाफ़ कार्रवाई करने के बहाने की तरह उपयोग कर रहे हैं. लेकिन मैं पीछे नहीं हटूंगी. मैं अब एसएसपी के पास शिकायत दर्ज करूंगी.”
ग़ौरतलब है कि बीते 8 अप्रैल को दक्षिणपंथी समूह ने कॉलेज में उमम के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन भी किया था. जिसके बाद कॉलेज प्रशासन ने उमम को निलंबित कर दिया है.
दरअसल, उमम खानम ने अपने साथ हुई घटना का ज़िक्र करते हुए बीते 2 अप्रैल को ट्वीट कर बताया था कि “कॉलेज ट्रिप के दौरान 2 लड़कों ने मुझ पर बीजेपी की टोपी पहनने के लिए दबाव बनाया. लेकिन जब मैंने इनकार कर दिया तो उन्होंने मेरे साथ बदतमीजी शुरू कर दी.”
इसे भी पढ़ें- भाजपा समर्थकों की गुंडागर्दी, BJP की टोपी पहनने से इनकार करने वाली मुस्लिम छात्रा के साथ की छेड़खानी
इसी बीच आरोपी लड़कों के दोस्तों ने उमम खानम का एक विडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है. जिसमें वह बस में डांस करते हुए नज़र आ रही हैं. उस विडियो के माध्यम से दिखाया जा रहा है कि उमम ट्रिप पर मस्ती कर रही है.
वहीं, इस वीडियो को लेकर उमम खानम का कहना है, “आरोपी लड़कों ने डांस का यह विडियो परेशान करने से पहले शूट किया गया था. मैं अपने दोस्तों के साथ मस्ती कर रही थी. इसलिए, यह वीडियो मुझे ग़लत साबित नहीं करता है.”
कॉलेज के प्रिंसिपल एसएम शर्मा ने उमम खानम के निलंबन की पुष्टी करते हुए इस फैसले को सही बताने की भी कोशिश की है.
सबरंग इंडिया के मुताबिक प्रिंसिपल एसएम शर्मा ने कहा, “निलंबन सजा नहीं है. उसने एक आरोप लगाया है. लेकिन, अब वह कॉलेज आने और अपना बयान दर्ज कराने से इंकार कर रही है.”
शर्मा ने कहा, “ घटना का पता चलते ही हमने दोनों लड़को को निलंबित कर दिया था. लेकिन, कॉलेज शिकायत समिति के समक्ष लड़की का बयान ना होने की वजह से ऐसा लगता है कि हमने एकतरफा कार्रवाई की है.”
प्रिंसिपल ने दक्षिणपंथी समूह द्वारा कॉलेज में खानम के ख़िलाफ़ प्रदर्शन की पुष्टी करते हुए कहा, “वे लोग लड़की के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग कर रहे थे.”