महाराष्ट्रः किसान ने की आत्महत्या, जाते-जाते लिख गया- मेरे मौत के लिए भाजपा और शिवसेना जिम्मेदार
किसान लंबे समय से ख़राब फ़सल और कर्ज की वजह से काफी परेशान था.
महाराष्ट्र के यवतमाल ज़िले में एक किसान ने कर्ज के बोझ और फ़सल ख़राब होने की वजह से आत्महत्या कर ली. किसान ने कथित सुसाइड नोट में आत्महत्या के लिए भाजपा और शिवसेना को जिम्मेदार ठहराया है.
जनसत्ता की ख़बर के अनुसार यवतमाल ज़िले के पंढरवाड़ा तहसील के पहापाल के किसान धनराज बलिराम नवहटे लगातार ख़राब हो रही फ़सलों और कर्ज से परेशान था. मृतक किसान ने एक स्थानीय महाजन से 2 लाख रुपए कर्ज लिया था.
बीते बुधवार को धनराज अपनी बहन के घर गया था लेकिन अगले दिन शाम तक लौटकर नहीं आया. जिसके बाद किसान का शव खेतों में मिला. प्राथमिक जांच के अनुसार किसान ने जहर खाकर आत्महत्या की है.
इसे भी पढ़ें- RTI से खुलासा: महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना सरकार के कार्यकाल में दोगुने हुए किसानों की आत्महत्या के मामले
ग़ौरतलब है कि किसान द्वारा बरामद सुसाइड नोट ने भाजपा और शिवसेना की सरकार पर सवालिया-निशान खड़े कर दिए हैं. हालांकि पुलिस के अनुसार अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई कि यह सुसाइड नोट आत्महत्या करने वाले किसान ने ही लिखा है.
विडम्बना है कि महाराष्ट्र के किसान लगातार सूखे और खराब फसलों की मार झेल रहे हैं, ऐसे में एक बार फिर किसान आत्महत्या जोर पकड़ रही है.