महाराष्ट्रः होलिका दहन के मौके पर किसानों ने फलों के बगीचों में लगाई आग, मोदी सरकार के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन
किसानों ने आरोप लगाया कि राज्य में सूखा घोषित होने के बावजूद उन्हें मुआवजा नहीं मिला है.
महाराष्ट्र के औरंगाबाद में किसानों ने होलिका दहन के मौके पर अपने ही बगीचों को आग के हवाले कर दिया. सरकार से नाराज किसानों ने इस मौके पर पीएम मोदी का पुतला फूंक कर रोष प्रकट किया.
दैनिक भास्कर की ख़बर के अनुसार औरंगाबाद के बाला नगर टांडा में किसानों को सूखे की मार झेलनी पड़ रही है. किसान ने फलों की फसल के लिए बैंकों से कर्ज लिया है. लेकिन पानी की कमी की वजह से अंगूर, अनार और संतरे जैसी फसल बर्बाद हो गई है. जिसकी वजह से किसान बैंकों का पैसे नहीं लौटा पा रहे हैं.
किसानों ने सरकार को अपनी बदहली से अवगत कराने के लिए अपने फलों के बगीचों में आग लगा दी. इस दौरन किसानों ने मोदी सरकार का विरोध करते हुए पीएम मोदी का पुतला भी फूंका.
किसानों ने आरोप लगाया कि अब तक स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू नहीं हुई है. सूखा घोषित होने के बावजूद किसानों को मुआवजा नहीं मिला है. किसानों ने कहा कि सरकार ने हर किसान को 6 हजार रुपए राहत राशि के रूप में देने की बात कही थी लेकिन वह भी अब तक नहीं मिली है.
औरंगाबाद के बाला गांव टांडा में शेख जाकिर ने बताया कि अच्छी फसल ना होने के वजह उनके भाई ने 6 महीने पहले आत्महत्या कर ली थी.