वाह “योगी” राज: स्कूल के कमरों में मवेशियों का कब्ज़ा, खुले में ठंड से ठिठुर रहे हैं स्कूली छात्र
आवारा पशुओं द्वारा फसल नष्ट किए जाने को लेकर नाराज किसानों ने मवेशियों को स्कूल के भीतर बंद कर दिया था.
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में छात्र स्कूल के खुले मैदान में पढ़ाई करने को मजबूर हैं. इसका कारण है कि परिसर में आवारा मवेशियों ने जगह घेर ली है.
दरअसल, उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के भादीवर गांव में प्राइमरी स्कूल के छात्रों को स्कूल में क्लासरूम की बजाय बाहर ठंड में पढ़ने को मजबूर होना पड़ा. यहां किसानों ने आवारा पशुओं को स्कूल परिसर में बंद कर दिया था. विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलेश सिंह का कहना है कि सुबह 9 बजे जब वह स्कूल पहुंचे तब जानकारी मिली कि शंकरगढ़ विकास ब्लॉक में स्थित स्कूल परिसर में करीब 100 आवारा पशुओं को बंद कर रखा गया है.
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक उन्होंने कहा कि स्कूल में सुबह दस बजे से पढ़ाई शुरू हो जाती है मगर स्कूल का दरवाजा बंद था और दो दर्जन से ज्यादा आंदोलनकारी किसान हथियारों और छड़ियों के साथ स्कूल गेट के बाहर खड़े थे. किसान इसके पक्ष में नहीं थे कि स्कूल का दरवाजा खोला जाए. इस कारण विद्यालय के करीब चालीस छात्र स्कूल परिसर के बाहर बैठकर पढ़ाई कर रहे थे.
हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार, भादीवर गांव और इसके आसपास के रहने वाले लोग पिछले कुछ महीनों से अवारा पशुओं की वजह से हो रहे नुकसान से परेशान हैं. तहसील अधिकारियों के सामने इस मामले को उठाने के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं की गई तो उन्होंने करीब 100 गायों को विद्यालय में बंद कर दिया.
इधर, बारा के एसडीएम डीएस पाठक ने बताया कि बीते कई महीनों से अवारा पशुओं द्वारा फसल बर्बाद होने से किसान खासे नाराज चल रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘हमने दोपहर 1:30 बजे स्कूल परिसर खाली करवा दिया. इसके अलावा दोबारा ऐसी मामले सामने ना आएं इसके लिए उचित उपाय किए जाएंगे.’
जिलाधिकारी सुहास एलवाई का कहना है कि जिन लोगों ने पशुओं को स्कूल परिसर में बंद किया था उनके खिलाफ एफ़आईआर दर्ज की जाएगी.
आपको बता दें कि यह घटना मुख्यमंत्री योगी के उस बयान के कुछ दिनों बाद ही सामने आई है जब उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को आवारा पशुओं से किसानों के फ़सल की बर्बादी को रोकने का निर्देश दिया है. इतना ही नहीं योगी आदित्यनाथ ने 10 जनवरी तक सभी पशुओं को गो संरक्षण केंद्र में शिफ्ट करने के भी निर्देश दिए हैं.