योगी सरकार ने फ़ैजाबाद का नाम बदला, अब अयोध्या के नाम से जाना जाएगा यह शहर
अब गुजरात सरकार अहमदाबाद का नाम बदलकर कर्णावती करने की तैयारी में है.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फ़ैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या करने का फ़ैसला किया है. एक कार्यक्रम में योगी ने कहा है, ‘‘अयोध्या हमारी ‘आन, बान और शान’ का प्रतीक है. कोई अयोध्या के साथ अन्याय नहीं कर सकता है.’’ योगी ने कहा कि अयोध्या की पहचान भगवान राम से होती है.
इसके साथ ही उन्होंने अयोध्या में भगवान राम के नाम पर एक नया हवाई अड्डा और भगवान राम के पिता राजा दशरथ के नाम पर ज़िले में एक मेडिकल कॉलेज की स्थापना की भी घोषणा की. इस कार्यक्रम में दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किम जुंग-सुक भी शामिल हुईं थी।
ज्ञात हो कि, योगी आदित्यनाथ की घोषणा का असर अहमदाबाद सरकार पर भी होने लगा है. गुजरात सरकार द्वारा कहा गया है कि अगर जरुरी समर्थन मिला तो अहमदाबाद का नाम बदलकर कर्णावती किया जाएगा. इससे पहले नाम बदलने की इस प्रक्रिया में इलाहाबाद का नाम बदल कर प्रयागराज और दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन पर स्थित उत्तर भारत का एक बड़े रेलवे जंक्शन मुगलसराय का नाम बदलकर दीनदयाल उपाध्याय कर दिया गया था.
पीटीआई इनपुट्स पर आधारित