2014 में भाजपा को मिला जबरदस्त जनादेश बर्बाद हो गया, नोटबंदी का फ़ैसला मूर्खतापूर्ण – पूर्व भाजपा नेता यशवंत सिन्हा
सिन्हा ने कहा कि “अब तो भाजपा में कोई आवाज़ उठाने की हिम्मत नहीं रखता.”
पूर्व भाजपा नेता यशवंत सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए फैसलों पर निशाना साधते हुए जमकर भड़ास निकाली. जिनमें नोटबंदी शामिल है. यशवंत सिन्हा ने कहा, ‘2014 में जनता ने भाजपा को जबरदस्त बहुमत दिया था. लेकिन अब सब धीरे धीरे बर्बाद हो गया. अब तो भाजपा में कोई आवाज उठाने की हिम्मत नहीं रखता. मोदी ने सबको मैनेज कर लिया.
आडवाणी के कार्यकाल को याद करते हुए सिन्हा कहते हैं कि, उनके दौर में ऐसा कुछ नहीं होता था. सभी पार्टी कार्यालय 11 बजे पहुंच जाते थे. उसके बाद कई मुद्दों पर चर्चा होती थी. खबरों पर ध्यान दिया जाता था. इसके बाद पार्टी के फैसले लिए जाते थे.
जनसत्ता की ख़बर के अनुसार सिन्हा ने कहा कि पीएम मोदी के साथ उनका मोहभंग, नोटबंदी के फ़ैसले के बाद से शुरू हुआ. उन्होंने नोटबंदी के फ़ैसले को मूर्खतापूर्ण ठहराते हुए कहा कि सरकार 1 हज़ार की जगह 2 हज़ार का नोट ले आई. यह कहां से तर्क संगत है.
पूर्व भाजपा मंत्री ने पीएम मोदी पर आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने बिना विचार किए नोटबंदी लागू कर दी. ग़ौरतलब है कि यशवंत सिन्हा प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लिए गए नोटबंदी के फ़ैसले की हमेशा से निंदा करते आए हैं. पिछले दिनों भाजपा को हराने के लिए उन्होंने समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी को सलाह भी दी थी.