आजाद भारत के इतिहास का सबसे बड़ा घोटाला है राफ़ेल विमान सौदा: संजय सिंह
आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह रिलायंस की तरफ़ से दायर मानहानि के मुकदमे की सुनवाई के लिए अहमदाबाद पहुंचे थे।
आम आदमी पार्टी के नेता और राज्य सभा सांसद संजय सिंह ने कहा है कि राफ़ेल विमान सौदा भारतीय इतिहास का सबसे बड़ा घोटाला है और वे अपने पहले के बयानों पर अब भी कायम हैं। वे रिलांयस की तरफ़ से दायर मानहानि के मुक़दमे की सुनवाई के लिए अहमदाबाद पहुंचे थे।
आप नेता संजय सिंह ने राफ़ेल विमान सौदे में भ्रष्टाचार को लेकर रिलायंस पर निशाना साधा था। इसके बाद इसी साल फरवरी माह में रिलायंस ने उनके पास नोटिस भेजा। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक संजय सिंह ने कहा है कि उन्होंने रिलायंस के नोटिस का जवाब भी दिया, लेकिन इसके बावजूद भी मानहानि का मुकदमा दायर किया गया है।
अनिल अंबानी की रिलांयस डिफ़ेंस लिमिटेड और रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने संजय सिंह के ऊपर 5000 करोड़ रुपए की मानहानि दर्ज़ कराई है।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक संजय सिंह ने कहा, ‘मैं अपने पहले के बयानों पर अब भी कायम हूं। ये उद्योगपति मेरी आवाज़ को दबा नहीं सकते। राफ़ेल विमान सौदा आज़ाद भारत के इतिहास का सबसे बड़ा घोटाला है। फरवरी में रिलायंस ने मेरे इस बयान के लिए नोटिस भेजा था, जिसका मैंने जवाब भी दिया था। इसके बावजूद उन्होंने मेरे ऊपर मानहानि का मुकदमा दायर किया है।’
संजय सिंह के वकील धीरज सिंह ने कोर्ट से कहा है कि हम कुछ और भी डॉक्यूमेंट्स को जुटा रहे हैं, इसके बाद हम अपना पूरा पक्ष न्यायालय के सामने रखेंगे। मामले में सुनवाई की अगली तारीख़ 7 दिसम्बर तय की गई है।