आधार बना भुखमरी का औजार : उत्तर प्रदेश में राशन न मिलने से वृद्ध महिला ने दम तोड़ा
आधार कार्ड वेरिफिकेशन न हो पाने का हवाला देकर नहीं मिल रहा था राशन
आधार कार्ड में अनियमितता के कारण राशन न मिलने से एक महिला ने भुखमरी से अपनी जान गंवानी पड़ी है. मामला उत्तर प्रदेश के रायबरेली का है, जहां भूख से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई. आधार वेरिफाई नहीं होने पर डीलर ने राशन देने से मना कर दिया था.
ईनाडु इंडिया की एक ख़बर के मुताबिक़ 70 वर्षीय सरयू देवी अकेली ही रहती थी और अनाज के लिए तरस रही थीं. 5 दिसंबर से वह राशन दुकान के लगातार चक्कर लगा रही थीं. लेकिन, हर बार ई पोस मशीन का आधार कार्ड वेरिफिकेशन फेल बताकर उसे राशन देने से मना कर दिया जाता था. जबकि कानून के हिसाब से ऐसा नहीं किया जा सकता और आधार वेरिफ़िकेशन फेल होने के बाद भी किसी को राशन देने से इंकार नहीं किया जा सकता.
आख़िरी बार 28 दिसंबर को महिला दुबारा कोटेदार के पास गई. तब कोटेदार ने उनके आधार कार्ड में गड़बड़ी बताते हुए उसे सही करवाने के लिए राजधानी लखनऊ जाने को बोला. यह बात सुनते ही बुज़ुर्ग महिला वहीं बेहोश होकर गिर गईं. मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें उठाकर उनके घर पहुंचाया फिर अगले ही दिन बुज़ुर्ग महिला की मौत हो गई.
इस पूरे मामले सरकारी तंत्र की संवेदनहीनता साफ़ झलकती है. वृद्धा की मौत होते ही सरकारी वितरण केंद्र से उसके घर पर बोरों में भर कर अनाज भिजवा दिया गया. डलमऊ एसडीएम जीत लाल सैनी ने बताया कि मृतक के घर में किसी चीज की कमी नहीं मिली. सभी तरह की खाद्य सामग्री उपलब्ध रही. इसलिए मौत भूख की वजह से नहीं हुई है.