मोदी सरकार अगर अपने वादे पूरे नहीं करती है तो लौटा दूंगा पद्म भूषण- अन्ना हज़ारे
अन्ना हजारे अपनी मांगों को लेकर पिछले पांच दिनों से अनशन पर बैठे हैं.
सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे पिछले पांच दिनों से केंद्र में लोकपाल और महाराष्ट्र में लोकायुक्त की नियुक्ति को लेकर अनशन पर बैठे हैं. उन्होंने कहा कि अगर मोदी सरकार अपना वादा पूरा नहीं करेगी तो वह अपना पद्म भूषण लौटा देंगे. उन्होंने बीते बुधवार को अहमदनगर ज़िले में स्थित अपने पैतृक गांव से अनशन शुरू किया था.
जनसत्ता की ख़बर के अनुसार हजारे ने कहा कि अगर यह सरकार अगले कुछ दिनों में देश से किए अपना वादा पूरा नहीं करेगी तो मैं अपना पद्म भूषण लौटा दूंगा. उन्होंने मोदी सरकार पर लोगों का विश्वास तोड़ने का भी आरोप लगाया है. ज्ञात हो कि अन्ना हजारे को 1992 में तीसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान दिया गया था.
हजारे ने किसानों की समस्याओं को हल करने के लिए स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशे लागू करने की मांग की है. ग़ौरतलब है कि अनशन की वजह से अन्ना हजारे का वजन 3.8 किलोग्राम कम हो गया है जबकि उनका रक्तचाप और खून में शुगर की मात्रा बढ़ गई है.