May a good source be with you.

पश्चिम बंगाल: चुनाव आयोग के अधिकारी अर्नब रॉय नादिया ज़िले से लापता

अर्नब रॉय रानाघाट संसदीय क्षेत्र में ईवीएम और वीवीपीएटी के प्रभारी थे.

पश्चिम बंगाल के नादिया ज़िले से चुनाव आयोग के एक नोडल अधिकारी, अर्नब रॉय बीते गुरुवार (18 अप्रैल) से लापता हैं. अधिकारी रानाघाट संसदीय क्षेत्र में ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) और वीवीपीएटी (वोटर सत्यापित पेपर ऑडिट ट्रेल) के प्रभारी थे.

अर्नब रॉय के परिवार द्वारा दर्ज कराई रिपोर्ट के अनुसार, 35 वर्षीय अधिकारी को आखिरी बार बीपीसी में कृष्णानगर के पॉलिटेक्निक कॉलेज में गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे देखा गया था. पुलिस सूत्रों ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि रॉय के कॉल रिकॉर्ड और अंतिम स्थान का पता लगाया जा रहा है, लेकिन उन्हें अभी तक कोई जानकारी नहीं है.

अर्नब रॉय की पत्नी अनीशा जश ने फेसबुक पर पोस्ट लिखकर अर्नब रॉय की गुमशुदगी की पुष्टि की है. अनीशा ने कहा कि उनके पति ड्यूटी पर रहते हुए गुरुवार दोपहर 12.30 बजे से लापता है. उन्होंने आगे कहा किया कि वह अवसाद से पीड़ित नहीं थे और उन्होंने मीडिया से अनुरोध किया कि वह अर्नब के बारे में अफवाह न फैलाए. उन्होंने कहा, “मुझे अभी अपने पति के अलावा कुछ नहीं चाहिए और मैं उन्हें ढूंढने के लिए अंतिम सीमा तक जाऊंगी.”

https://www.facebook.com/anisha.jash/posts/2073689469367194

एक बयान में, माकपा ने कहा कि रॉय एक बड़ी साजिश का शिकार हुए इस संदेह को दूर नहीं किया जा सकता है. वाम दल ने कहा कि घटना के बारे में लोगों के मन में सवाल उठे हैं और राज्य में चुनावों के दौरान मतदाताओं, उम्मीदवारों और मतदानकर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं हैं.

हालांकि स्थानीय प्रशासन इस मामले को चुनाव से जोड़ने से इनकार कर रहा है. पश्चिम बंगाल के विशेष चुनाव पर्यवेक्षक अजय नायक ने NDTV  को बताया, “अब तक अधिकारी के गायब होने का संबंध चुनावों से नहीं है. हमने उनकी जगह किसी और को नियुक्त किया है.”

नादिया के दो संसदीय क्षेत्रों – रानाघाट और कृष्णानगर में चुनाव 29 अप्रैल को चौथे चरण में होने हैं.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+