खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे: पश्चिम बंगाल में विज्ञापन एजेंसियों को फोन करके धमका रही BJP
फिरहाद हाकिम ने भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय पर उंगली उठाई है.
भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल में राजनैतिक पोस्टर और होर्डिंग लगाने वाली विज्ञापन कंपनियों को कथित तौर पर धमका रही है. आरोप है कि भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय विज्ञापन एजेंसियों को फ़ोन करके धमका रहे हैं.
आनंद बाजार पत्रिका की रिपोर्ट के मुताबिक तृणमूल कांग्रेस ने एक फोन नंबर की पहचान की है, जिससे विज्ञापन एजेंसियों को धमकी भरे फोन किए जा रहे हैं. जब आनंद बाजार पत्रिका ने उक्त नंबर पर फोन किया तो उसे अनुपलब्ध बताया गया.
कोलकाता के मेयर फिरहाद हाकिम ने आनंद बाजार पत्रिका से बताया, “बहुत सारी बाहरी विज्ञापन एजेंसियां लाइसेंस लेने के लिए कोलकाता आती हैं. जबकि, इनके ऊपर किसी तरह का दबाव नहीं डाला जाता. हमें सूचना मिली है कि भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय विज्ञापन एजेंसियों को फ़ोन करके धमका रहे हैं.”
फिरहाद हाकिम ने आगे कहा, “किसी अंजान नंबर से एक व्यक्ति ने जीएसटी अधिकारी बन कर फोन किया. उसने विज्ञापन एजेंसियों को धमकाया. हम उस व्यक्ति का नाम और पहचान पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं. हम निश्चित रूप से उचित कार्रवाई करेंगे.”
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने आनंद बाजार पत्रिका को बताया, “मैं पश्चिम बंगाल में किसी भी विज्ञापन एजेंसी को नहीं जानता. उन्हें फोन करने का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता.”
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, “मुख्यमंत्री के पैरों तले ज़मीन खिसक रही है. इसलिए वो कुछ भी कह रही हैं.”