शर्मनाक: प. बंगाल में BJP उम्मीदवार ने नाबालिग लड़की के साथ किया यौन उत्पीड़न, पोक्सो के तहत मामला दर्ज
पश्चिम बंगाल राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने चुनाव आयोग को नीलांजन रॉय को तुरंत गिरफ़्तार करने को कहा है.
पश्चिम बंगाल से भाजपा उम्मीदवार नीलांजन रॉय ने कथित रूप से 17 साल की नाबालिग लड़की के साथ यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ को अंजाम दिया है.
पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर संसदीय क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार पर पुलिस ने पोक्सो क़ानून के तहत मामला दर्ज किया गया है.
एनडीटीवी की ख़बर के अनुसार परिजनों ने बताया, बीते 26 अप्रैल को लड़की दक्षिण 24 परगना ज़िले के फाल्टा के एक घर में भाजपा उम्मीदवार से पार्टी कार्यकर्ताओं के दुर्व्यवहार की शिकायत करने गई थी.
पश्चिम बंगाल बाल अधिकार सुरक्षा आयोग ने बताया, “पीड़ित पक्ष ने आरोपी की गिरफ़्तारी को लेकर पुलिस की उदासीन रवैये के ख़िलाफ़ शिकायत की थी.”
इस मामले में आयोग ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को 24 घंटे के भीतर नीलांजन रॉय के ख़िलाफ़ कार्रवाई को कहा है और पुलिस को बच्चों के यौन उत्पीड़न संरक्षण कानून (पोक्सो) के तहत रॉय को गिरफ़्तार करने का निर्देश दिया है.
आयोग के अध्यक्ष अनन्या चटर्जी चक्रवर्ती ने बताया, “इस घटना के अगले दिन फाल्टा थाने में एक शिकायत दर्ज की गई थी. लड़की का मेडिकल परिक्षण भी पूरा हो गया है और उसका बयान दर्ज कर लिया गया है. लेकिन पुलिस ने भाजपा उम्मीदवार को गिरफ़्तार नहीं किया है.”
डायमंड हार्बर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में 19 मई को मतदान होना है. नीलांजन रॉय ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी और सीपीआई (एम) के उम्मीदवार डॉ. फवद हलीम के ख़िलाफ़ चुनाव लड़ रहे हैं.