शी जिनपिंग से डरते हैं कमजोर मोदी: राहुल गांधी ने PM मोदी पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि कमजोर मोदी शी से डरते हैं. उनके मुंह से एक शब्द नहीं निकलता जब चीन भारत के ख़िलाफ़ काम करता है.
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी चीन द्वारा चौथी बार वीटो का इस्तेमाल कर आतंकी मसूद अज़हर को संरक्षण देने पर पीएम मोदी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि कमजोर मोदी चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से डरते हैं.
राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि कमजोर मोदी शी से डरते हैं. उनके मुंह से एक शब्द नहीं निकलता जब चीन भारत के ख़िलाफ़ काम करता है. कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि गुजरात में शी जिनपिंग के साथ झूला झूलना, दिल्ली में शी जिगपिंग से गले मिलना और चीन में शी जिनपिंग से मुलाकात करना नमो की चीनी कूटनीति है.
Weak Modi is scared of Xi. Not a word comes out of his mouth when China acts against India.
NoMo’s China Diplomacy:
1. Swing with Xi in Gujarat
2. Hug Xi in Delhi
3. Bow to Xi in China https://t.co/7QBjY4e0z3
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) March 14, 2019
ग़ौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र में जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अज़हर को वैश्विक आतंकी घोषित करने में चीन ने चौथी बार वीटो का इस्तेमाल करते हुए अज़हर को संरक्षण दिया है.
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की 1267 प्रतिबंध समिति के समक्ष मसूद को वैश्विक आतंकी घोषित करने के लिए फ्रांस, ब्रिटेन और अमेरिका ने बीते 27 फरवरी को प्रस्ताव पेश किया था. जिस पर समिति ने सदस्य देशों को 10 दिनों के भीतर आपत्ति दर्ज करने का समय दिया था. चीन ने तकनीकी आधार पर अड़ंगा लगाते हुए मसूद अज़हर को वैश्विक आतंकी घोषित करने में रोक लगा दी. जबकि सभी देश मसूद अज़हर पर प्रतिबंध लगाने के पक्ष में थे.
ज्ञात हो कि मसूद अज़हर ने बीते 14 फरवरी को सीआरपीएफ काफिले पर आतंकी हमले की जिम्मेदारी ली थी. जिसमें 40 जवान शहीद हो गए थे.