May a good source be with you.

वायरल: राजस्थान में कांग्रेस की जीत के जश्न की रैली में पाकिस्तानी झंडा फहराने का झूठा दावा

ऑल्ट न्यूज़ की पड़ताल

पाकिस्तानी झंडा फिर से लौट आया है, और इस बार भी कांग्रेस की रैली में। विधानसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा के बाद जब राजस्थान में कांग्रेस पार्टी विजेता के रूप में उभरी, तभी एक वीडियो सोशल मीडिया पर इस दावे के साथ संचारित हुआ कि जीत के बाद पार्टी की रैली में पाकिस्तानी झंडा फहराया गया।

tiwari-flag

ये वीडियो फेसबुक, ट्विटर, और यूट्यूब पर खूब संचारित हुआ। उपरोक्त पोस्ट को भाजपा मिशन 2019 ग्रुप में पोस्ट किया गया है, जिसे 3000 से ज्यादा बार शेयर किया गया है। फेसबुक पेज Politics Solitics ने भी वीडियो को इसी दावे से शेयर किया था जिसे 235,000 बार देखा और 11700 से भी ज़्यादा बार शेयर किया गया। कई लोगों ने इसे शेयर भी किया है।

पाकिस्तान का झंडा नहीं

ऑल्ट न्यूज़ ने कई बार पाकिस्तानी झंडे को फहराने के झूठे दावे का पर्दाफाश किया है। ध्यान से देखे तो वीडियो में ये झंडा दरअसल पाकिस्तान का झंडा है ही नहीं।

बायीं तस्वीर में रैली में फहराया जाने वाला झंडा है और दायी तस्वीर में पाकिस्तान का झंडा है। इन दोनों मे साफ़ अंतर दिखाई देते है।

साथ ही में, राजस्थान पुलिस ने ट्विटर के हवाले से स्पष्ट किया है कि ये वीडियो और इसके साथ किया जा रहा दावा झूठा है।

ऑल्ट न्यूज़ ने पाया की इस घटना का लाइव वीडियो फेसबुक पर किसी यूजर ने ही अपलोड किया था। पृष्टभूमि में वायरल वीडियो वाला ही संगीत बज रहा है और ‘New Nirmal DJ Sound” नामांकित एक वैन भी दिखाई दे रही है। फ़ोन नंबर भी दिख रहे हैं। नीचे दी हुई तस्वीर में बायीं तरफ में यूट्यूब पर पोस्ट किये गए इस वायरल वीडियो में 33वे सेकंड का स्क्रीनशॉट है, और दायी तरफ की तस्वीर में इस लाइव वीडियो का 00:14 सेकंड का स्क्रीनशॉट है।

ऑल्ट न्यूज़ ने इस नंबर पर फ़ोन कर के पुष्टि की कि क्या ये वैन कांग्रेस की रैली में थी। इस वैन के मालिक हनुमान प्रसाद निर्मल ने कहा, “रैली में अलग अलग गुट और सम्प्रदाय के 3-4 झंडे फहराए गए थे। भगवा झंडा और जय भीम के झंडे भी थे। कुछ जवान लड़कों ने, जो पहले से ही रैली का हिस्सा थे, बगल की मस्जिद से हरे झंडे निकाल लाये थे। पाकिस्तान का कोई झंडा नहीं था।” हमने ‘तिवरी जीत जश्न‘ कीवर्ड्स से फेसबुक पर सर्च किया तो पाया कि उस समय कई लोग लाइव वीडियो शूट कर रहे थे। नीचे दिए गए स्क्रीनशॉट को इस लाइव वीडियो से लिया गया है, जिसमें भगवा झंडा देखा जा सकता है।

ऐसी ही समरूप कहानी कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में भी देखी गयी थी, जब ये झूठा दावा किया गया था कि कांग्रेस की रैली में पाकिस्तानी झंडा फहराया गया था। ऐसी और भी घटनाएँ है जैसे कोलकाता में नवनिर्वाचित मेयर बनने के जश्न में पाकिस्तानी झंडा फहराए जाने का झूठा दावा किया गया था।

अनुवाद: ममता मंत्री के सौजन्य से

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+