पांच साल से गायब थीं अब चुनाव आया तो जनता की आई याद, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष के ख़िलाफ़ मध्यप्रदेश में नारेबाज़ी
लोगों ने कहा, चुनाव से पहले कभी भी उनकी हालत देखने नहीं आए और चुनाव आते ही वोट मांगने आ गए
मध्यप्रदेश चुनाव में भाजपा को जनता के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है. हाल ही में सोशल मीडिया पर एक विडियो काफ़ी वायरल हो रहा है, इस वि़डियो में वोट मांगने गई भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष के ख़िलाफ़ लोगों ने जमकर नारेबाज़ी की.
ईनाडु इंडिया की एक ख़बर के मुताबिक़ शहर में स्थानीय लोगों ने महिला मोर्चा अध्यक्ष द्रोपती सिंह को अपनी समस्याओं के बारे में बात करते हुए काफी ख़री खोटी सुनाई. इस दौरान किसी ने इस पूरी घटना का विडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो वायरल हो गया.
हुआ ऐसा कि भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष द्रोपती सिंह भाजपा प्रत्याशी अर्चना सिंह के पक्ष में प्रचार करने गईं थीं. यहां शहर के एक वार्ड के लोगों ने उन्हें घेरकर अपनी समस्याएं बतानी शुरू कर दी. लोगों का कहना था कि चुनाव से पहले कभी भी भाजपा हालत देखने नहीं आई और चुनाव आते ही उनके नेता वोट मांगने आ गए. इन बातों का द्रोपती सिंह ने कोई सीधा जवाब न देते हुए भाजपा का बचाव करने लगीं.
ज्ञात हो कि सभी राजनैतिक दल आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुट चुके हैं और इसी क्रम में द्रोपती सिंह भी भाजपा प्रत्याशी के लिए प्रचार करने गई थीं.