महागठबंधन: उत्तर प्रदेश में होगा विचारों और दलों का संगम, पूर्व CM अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ गठबंधन पर साफ़ की तस्वीर
कांग्रेस के साथ गठबंधन पर अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विचारों का संगम होने वाला है, जल्द ही इसका ऐलान किया जाएगा.
उत्तर प्रदेश में महागठबंधन को लेकर चल रही तमाम अटकलों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा है कि गठबंधन की तस्वीर जल्द ही सबके सामने होगी. उन्होंने कहा है कि उत्तर प्रदेश में विचारों और राजनीतिक दलों का संगम देखने को मिलेगा.
हिन्दुस्तान टाइम्स के अनुसार पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में व्यक्तियों और विचारों का संगम देखने को मिलेगा. यह तस्वीर जल्द ही सबके सामने आ जाएगी. कांग्रेस के साथ गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा, “मैंने कह दिया है कि उत्तर प्रदेश में व्यक्ति और विचारों का संगम होगा. सभी सवालों के जवाब इन्हीं बातों में हैं.”
इससे पहले उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रमुख राज बब्बर ने कहा था कि देश की जनता भाजपा के शासन से तंग आ चुकी है और अब परिवर्तन चाहती है. हालिया विधानसभा चुनाव के परिणाम भी जनता के गुस्से को दिखाते हैं. ऐसे में सभी दलों को एकसाथ मिलकर भाजपा के ख़िलाफ़ लड़ना चाहिए, हमें आपस के विवादों को भूल जाना चाहिए.
ग़ौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में लोकसभा की कुल 80 सीटें हैं. 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने इनमें से 73 सीटों पर जीत हासिल की थी. लेकिन, राज्य की दो प्रमुख पार्टियों सपा और बसपा का कांग्रेस के साथ गठबंधन होने की स्थिति में भाजपा को भारी नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है. इससे पहले सपा और बसपा ने गठबंधन कर भाजपा के दबदबे वाले गोरखपुर लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी.