महाराष्ट्र: VBA नेता प्रकाश अंबेडकर अकोला और सोलापुर निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लडे़ंगे, कहा- भाजपा-शिवसेना से है मेरी लड़ाई
सोलापुर निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के सुशील कुमार शिंदे और भाजपा के जय सिद्देश्वर स्वामी के ख़िलाफ़ वीबीए के तरफ प्रकाश अंबेडकर को उम्मीदवार बनाया गया है.
दलित नेता प्रकाश अंबेडकर ने कहा है कि वह आम चुनाव में वंचित बहुजन अघड़ी (VBA) के उम्मीदवार के तौर पर महाराष्ट्र के अकोला और सोलापुर लोकसभा सीटों से चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि वंचित बहुजन अघड़ी की मुख्य लड़ाई भाजपा-शिवसेना गठबंधन के ख़िलाफ़ है.
बता दें कि वीबीए दलितों और मुसलमानों का सामाजिक गठबंधन है, जिसे अंबेडकर ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के साथ गठबंधन में बनाया है. इसका नेतृत्व हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी कर रहे हैं.
प्रकाश अंबेडकर ने कहा है, “मैं दोनों सीटों से चुनाव लड़ रहा हूं. किसी भी सीट से उम्मीदवारी वापस लेने का कोई सवाल ही नहीं है. अकोला में मेरा घर है, इसलिए वहां ज्यादा समय बिताने की जरूरत नहीं है, लेकिन सोलापुर एक नई सीट है. इसलिए यहां अधिक समय देने की आवश्यकता है.”
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए सोलापुर उनकी राजनीतिक पसंद है. बता दें कि 1998 और 1999 में अंबेडकर अकोला से जीत हासिल कर चुके हैं.
बता दें कि लोकसभा चुनाव में वीबीए के निर्णय के बाद राज्य के 48 संसदीय सीटों में से कई निर्वाचन क्षेत्रों में त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है. चुनावी मैदान में दो बड़े खिलाड़ी कांग्रेस-एनसीपी और बीजेपी-शिवसेना का गठबंधन है. ऐसे में वीबीए इन्हें टक्कर देने के लिए खड़ी हो गयी है.
सोलापुर निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के सुशील कुमार शिंदे और भाजपा के जय सिद्देश्वर स्वामी के ख़िलाफ़ वीबीए के तरफ प्रकाश अंबेडकर को उम्मीदवार बनाया गया है. सोलापुर में लगभग तीन लाख दलित मतदाता हैं.
प्रकाश अंबेदकर की पार्टी पर कांग्रेस-एनसीपी नेताओं ने आरोप लगाया है कि अंबेडकर की पार्टी दलित और मुस्लिम वोटों में सेंध लगाकर भाजपा-शिवसेना के गठबंधन को मदद पहुंचाना चाहती है.
पीटीआई इनपुट्स पर आधारित