May a good source be with you.

‘वन’ डे एक्सप्रेस !! उद्घाटन के अगले ही दिन वंदे भारत एक्सप्रेस में आई ख़राबी

दिल्ली से लगभग 200 किलोमीटर पहले, ब्रेक और चार्जिंग में ख़राबी आ जाने की वजह से ट्रेन फंसी रही, रविवार को पहले व्यवसायिक रन को लेकर स्थिति साफ़ नहीं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरी झंडी दिखाए जाने के एक दिन बाद ही ट्रेन 18 (वन्दे भारत एक्सप्रेस) ने शनिवार को तड़के सुबह दम तोड़ दिया. दिल्ली से लगभग 200 किलोमीटर दूर ब्रेक और चार्जिंग में ख़राबी आ जाने की वजह से ये ट्रेन फंसी रही.

दरअसल, वंदे भारत एक्सप्रेस को रविवार के अपने पहले व्यवसायिक रन के लिए वाराणसी से नई दिल्ली वापस लाया जा रहा था, इसी दौरान ट्रेन के एक डिब्बे में ब्रेक जाम हो गया. इससे पहले कल इस ट्रेन को पीएम मोदी द्वारा उद्घाटन करने के बाद दिल्ली से वाराणसी तक चलाया गया था.

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक ट्रेन के पीछे के डिब्बों में से एक से तेज़ आवाज़ सुनाई देने के बाद धुआं उठता देखा गया और एक दुर्गंध महसूस की गई. इसके बाद सभी डिब्बों की बिजली चली गई.

दिल्ली से लगभग 2.5 घंटे पहले ट्रेन को रोकना पड़ा. घटना की वजह जानने को, इंजीनियर टॉर्च और बाकी  जरूरी सामानों के साथ डिब्बों के नीचे देखते रहे.

रेलवे में ब्रेक का जाम हो जाना सामान्य बात नहीं है. इंडियन एक्सप्रेस  के मुताबिक फोन पर सीनियर अधिकारियों से बात करते समय मौजूदा इंजीनियर पार्किंग ब्रेक के साथ-साथ होल्डिंग ब्रेक के भी जाम हो जाने की बात कर रहे थे. साथ ही ट्रेन की चार्जिंग में दिक्कत को लेकर भी उन्होंने कहा था.

कई कोशिशों के बाद भी जब ट्रेन ठीक तरीके से नहीं चल सकी तो अधिकारियों ने इसे चमरोला के पास पूरी तरह से रोकने का फै़सला किया. घटना के दौरान उत्तरी रेलवे के प्रिंसिपल चीफ मैकेनिकल इंजीनियर अधिकारियों से लगातार संपर्क में बने रहे.

बताते चले कि ट्रेन का यह कोई व्यावसायिक रन नहीं था. रविवार को पहले व्यावसायिक रन के लिए ट्रेन को वाराणसी से दिल्ली ले जाया जा रहा था. पहले से ही क्षमता से ज्यादा इसकी बुकिंग हो चुकी है.

ट्रेन को ठीक करने के लिए दिल्ली की जगह निकटतम मेंटेनेंस शेड में ले जाया जायेगा. खराबी आ जाने की वजह से रविवार को इसके पहले व्यवसायिक रन को लेकर भी स्थिति साफ़ नहीं है.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+