लाइसेंस मांगने पर भाजपा नेता की दरोग़ा को धमकी- तुमको भंगी न बना दिए तो असली ब्राह्मण की औलाद नहीं
मंगलवार को चांदा थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान भाजपा नेता की पिटाई का मामला सामने आया था.
सोशल मीडिया पर इन दिनों भाजपा नेता का एक विडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में भाजपा नेता संतोष पांडेय पुलिस अधिकारी को भंगी बना देने की धमकी देते नज़र आ रहे हैं.
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार 9 मिनट के इस विडियो में संतोष पांडेय पुलिस अधिकारी को धमकी देते हुए कह रहे हैं कि तुमको अगर हम भंगी न बना दिए तो असली ब्राह्मण की औलाद नहीं. हम तुमको भंगी बना देंगे याद कर लो. इस विडियो में साफ़ तौर पर देखा जा सकता है कि भाजपा के नेता किस प्रकार शब्दों की गरिमा को भूल कर केवल अपना रौब जमाते हैं.
हालांकि अपनी पार्टी के नेता का बचाव करते हुए भाजपा प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी ने कहा कि ऐसी कोई बात हमारे संज्ञान में नहीं आई है. यह जांच का विषय है कि पुलिस की पिटाई से आहत होकर नेता ने ये सब बोला हो. इस पूरे मामले में एसपी साहब ने जांच के आदेश दिए हैं. उसके बाद ही सच्चाई सामने आएगी.
ज्ञात हो कि मंगलवार को चांदा थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान भाजपा नेता की पिटाई का मामला सामने आया था. एसपी ने मामले में पुलिस अधिकारी और सिपाही से पूछताछ की थी. फिलहाल एसपी ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं.