May a good source be with you.

उत्तराखंडः भाजपा ने किसानों को बर्बाद कर दिया, उसे वोट न दें: किसान ने सुसाइड नोट में बयां किया दर्द

बीते सोमवार को 65 वर्षीय ईश्वर चंद शर्मा ने जहर पीकर आत्महत्या की थी.

देहरादून के ढाढेकी गांव में मृतक किसान के पास मिले सुसाइड नोट में कथित तौर पर कहा गया है कि ‘भाजपा को वोट मत दो’. इस कथित सुसाइड नोट में कहा गया है कि भाजपा सरकार ने पिछले पांच सालों में किसानों के लिए कुछ नहीं किया है.

टाइम्स ऑफ इंडिया एक रिपोर्ट के अनुसार, 65 वर्षीय ईश्वर चंद शर्मा ने बीते सोमवार को जहर पी लिया. जिसके बाद अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई. सुसाइड नोट में शर्मा ने लिखा, ‘भाजपा सरकार ने 5 सालों में किसानों को बर्बाद कर दिया है. उसे वोट न करें वरना वह सभी को चाय बेचने वाला बना देगी.”

मृतक किसान ने सुसाइड नोट में एक बिचौलिए का ज़िक्र करते हुए उस पर धोखाखड़ी करने का आरोप लगाया और उसे अपने मौत का जिम्मेदार बताया है.

बिचौलिए ने मृतक किसान ईश्वरचंद को बैंक से 5 लाख का लोन दिलाने में मदद की थी. शर्मा ने ऋण के लिए आवेदन करते समय गारंटीकर्ता के रूप में अनाम बिचौलिए के साथ एक खाली चेक पर हस्ताक्षर किया था. लेकिन बिचौलिए अब उन्हें चेक का उपयोग करने की धमकी दे रहा था.

लस्कर एसएचओ वीरेंद्र सिंह ने टाइम्स ऑफ इंडिया  को बताया, “प्रारंभिक जांच के दौरान, यह पाया गया कि मृतक किसान ने एक बिचौलिए की मदद से एक बैंक से 5 लाख रुपए का ऋण लिया था. किसान ने अपने सुसाइड नोट में आरोप लगाया है कि बिचौलिए ने मामले को सुलझाने के लिए 4 लाख रुपए की मांग की थी.” सुसाइड नोट के बारे में अधिकारी ने कहा कि पत्र की सत्यता की जाँच की जा रही है.

उत्तराखंड कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा, “यह दुख की बात है कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने घोषणापत्र में किसानों को राहत देने की बात करते हैं. वहीं, दूसरी तरफ भाजपा की ग़लत नीतियों के कारण बक्सर में एक किसान ने आत्महत्या कर ली है.”

रिपोर्ट के अनुसार पिछले 2 सालों में उत्तराखंड में 17  किसानों की मृत्यु हो गई है. ग़ौरतलब है कि मोदी सरकार ने दिसंबर 2016 से देश में किसान आत्महत्याओं के आंकड़े जारी नहीं किए हैं.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+