उत्तराखंड: भाजपा के पूर्व महासचिव के ऊपर यौन उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज, पीड़िता ने कहा- शिकायत करने पर मिल रही धमकियां
भाजपा की महिला कार्यकर्ता ने ही पूर्व महासचिव संजय कुमार के ऊपर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है.
उत्तराखंड भाजपा के पूर्व महासचिव संजय कुमार के ऊपर यौन उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया है. भाजपा की ही एक महिला कार्यकर्ता ने उनके ऊपर यौन शोषण का आरोप लगाया है. महिला ने कहा है कि शिकायत करने पर पार्टी के वरिष्ठ अधिकारियों ने उसे धमकाया.
दैनिक जागरण के मुताबिक महिला ने करीब डेढ़ महीने पहले शिकायत की थी कि संजय कुमार फोन पर अश्लील बातें करते हैं. महिला ने यौन शोषण का आरोप भी लगाया था. सोमवार को महिला ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर इसके सबूत भी पेश किए थे. पुलिस के मुताबिक संजय कुमार के ख़िलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 294, धारा 354, धारा 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया है.
शिकायत दर्ज कराने वाली महिला का कहना है, “जब मैंने संजय कुमार की यह शिकायत पार्टी के उच्च अधिकारियों से की तो अधिकारियों की तरफ से मुझे धमकी दी गई. मुझे अपनी जान का डर है. मैं दोषी भाजपा नेता के ऊपर कड़ी कार्रवाई की मांग करती हूं.”