उत्तर प्रदेशः किशोरी को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म
अपर पुलिस अधीक्षक बलवंत चौधरी ने बताया कि लड़की के पिता की शिकायत पर पुलिस ने दोनों लड़कों के ख़िलाफ़ मुकदमा दर्ज कर लड़की की चिकित्सीय जांच कराई, जिसमें बलात्कार की पुष्टि हुई है.
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में मानिकपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में सत्रह साल की किशोरी को कथित रूप से बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है.
अपर पुलिस अधीक्षक बलवंत चौधरी ने बृहस्पतिवार को बताया कि मंगलवार की शाम 17 साल की लड़की अपने घर जा रही थी. रास्ते से दो लड़के उसे जबरन घसीट कर अपने घर ले गए और रात भर बंधक बनाये रहे.
चौधरी ने बताया कि दोनों लड़कों ने रात भर में उसके साथ कई बार बलात्कार किया. घटना किसी से न बताने की शर्त पर जब दूसरे दिन सुबह उसे छोड़ा गया, तब लड़की ने अपने परिजनों से हकीकत बताई.
उन्होंने बताया कि लड़की के पिता की शिकायत पर पुलिस ने दोनों लड़कों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लड़की की चिकित्सीय जांच कराई, जिसमें बलात्कार की पुष्टि हुई है.
मानिकपुर थाने के निरीक्षक के पी दुबे ने बताया कि नामजद दो आरोपियों में से एक के साथ लड़की का प्रेम प्रसंग होना बताया जा रहा है. गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है.