“गौकशी की खुली छूट की अफ़वाह फैलाकर बुलंदशहर जैसा ही दंगा करवा दूंगा”…भाजपा नेता की पुलिस को धमकी
भाजपा नेता प्रमोद जिंदल ने 200-250 लोगों को इकठ्ठा कर हिंसा करने की धमकी दी.
उत्तर प्रदेश में आए दिन भाजपा नेताओं की गुंडागर्दी देखने को मिलती है. ताज़ा मामला भाजपा के हापुड़ इकाई के महासचिव प्रमोद जिंदल का है. उन्होंने पुलिस को धमकी दी है कि वो बुलंदशहर हिंसा जैसी ही घटना को अपने शहर में भी अंजाम देंगे. जिंदल के ख़िलाफ़ बीते बुधवार को उत्तर प्रदेश पुलिस ने प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की है. जिंदल पर यह भी आरोप है कि उन्होंने हाफिज़पुर पुलिस के साथ गाली-गलौज की.
हापुड़ जिले के एसपी के जनसंपर्क अधिकारी संजीव शुक्ला ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, “भाजपा की हापुड़ इकाई के महासचिव प्रमोद जिंदल ने हापुड़ के पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा से फ़ोन पर बातचीत की. उन्होंने पहले से मार पीट के लिए गिरफ़्तार एक स्थानीय पार्टी नेता को छोड़ने की बात कही. जब पुलिस ने इससे इनकार किया तो वो अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए धमकी देने लगे.”
शुक्ला ने आगे बताया, “जिंदल ने यह भी धमकी दी कि वो 200-250 लोगों को इकठ्ठा कर गौकशी के लिए खुली छूट देने का आरोप लगाकर क्षेत्र में बुलंदशहर हिंसा जैसा माहौल तैयार करेंगे.”
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक़, जिंदल भटियाना गाँव के भाजपा नेता दुष्यंत की गिरफ़्तारी का विरोध कर रहे थे. ख़बरों के मुताबिक़ दुष्यंत का एक ग्रामीण, कृष्णा के साथ विवाद हुआ था जिसके बाद कृष्णा ने हाफ़िजपुर पुलिस थाने में उनके ख़िलाफ़ प्राथमिकी दर्ज करवाई थी.