May a good source be with you.

उत्तर प्रदेशः पुरानी रंजिश के चलते सगे भाइयों की लाठियों से पीट-पीट कर हत्या

पुलिस ने एक दर्जन आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है. घटना के बाद से आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है.

उत्तर प्रदेश के मदनापुर थानाक्षेत्र के डोकरी कलां गांव में पुरानी रंजिश के चलते दो सगे भाइयों की लाठियों से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई.

पुलिस उपाधीक्षक सदर परमानंद पांडे ने गुरुवार को बताया कि थाना मदनापुर अंतर्गत डोकरी कला गांव में रहने वाले विजेंद्र (55) एवं भूसी (48) बुधवार रात गांव के बाहर खेतों में बनी अपनी झोपड़ी में सो रहे थे.

उन्होंने बताया कि गांव के ही एक दर्जन लोग लाठी-डंडों से लैस होकर वहां पहुंच गए और झोपड़ी में सो रहे दोनों सगे भाइयों पर ताबड़तोड़ प्रहार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया.

पुलिस अधीक्षक यश चिनप्पा ने बताया कि जैसे ही सूचना मिली, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों सगे भाइयों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. उन्होंने बताया कि मृतकों की आरोपियों से पुरानी रंजिश थी.

चिनप्पा ने बताया कि पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. एक दर्जन आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है. घटना के बाद से आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+