उत्तर प्रदेश: चरित्र जांचने के लिए ली गई महिला की अग्निपरीक्षा, हाथों पर रखे जलते अंगारे
महिला के पति को उसकी चरित्र पर शक था, जिसे दूर करने के लिए एक तांत्रिक के कहने पर उसने अपनी पत्नी की अग्निपरीक्षा ली।
भाजपा वैसे तो महिला सशक्तिकरण के लम्बें-चौड़े नारे देती है। लेकिन, उत्तर प्रदेश के मथुरा ज़िले में योगी सरकार का दूसरा चेहरा देखने को मिला है। यहां एक महिला को अपना चरित्र साबित करने के लिए भरी पंचायत के सामने हाथ पर जलते अंगारे रखने पड़े।
यह मामला मथुरा जिले के मजरा नगला बरी का है। जहां एक आदमी को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। शक के चलते तंत्र-मंत्र का दावा करने वाली एक महिला के कहने पर आरोपी ने अपनी पत्नी के हाथों पर अंगारे रखवा कर अग्निपरीक्षा देने का फरमान सुना दिया।
द वायर की रिपोर्ट के अनुसार घटना बीते 18 अक्टूबर की बताई जा रही है। तंत्र-मंत्र का दावा करने वाली महिला का कहना था कि पति-पत्नी के हाथों में अंगारे रखे जाएं, जिसके हाथ अंगारों से नहीं जलेंगे वह निर्दोष होगा। जिसके बाद पति ने पंचायत के सामने जलते अंगारे अपने और पत्नी के हाथ पर रखावाएं। लेकिन, आदमी ने कुछ सेंकण्ड में ही अंगारों को फेंक दिया जबकि उसकी पत्नी जलते अंगारों को हाथ में रखे हुए थी। इस कारण महिला की दोनों हथेलियां गंभीर रूप से जल गई।
घटना की ख़बर मिलने पर पीड़िता के परिजनों ने महिला के पति, जेठ, सास-ससुर और दो ननदों के ख़िलाफ़ धारा 307 के तहत जलाकर मारने की कोशिश करने का मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस अधिकारी आदित्य कुमार शुक्ला का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है और घटना के समय मौके पर मौजूद पंचों और महिला तांत्रिक की तलाश की जा रही है। फिलहाल सभी आरोपी फ़रार बताए जा रहे हैं।