May a good source be with you.

उत्तर प्रदेश में खाद घोटाला! गोदाम तक पहुंचने से पहले ही गायब हो गई 3 करोड़ रुपए की यूरिया

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में इस घोटाले के कारण किसानों को रबी फ़सलों के लिए खाद नहीं मिल पा रहा है.

उत्तर प्रदेश के बदायूं ज़िले में तीन करोड़ रुपए का कथित खाद घोटाला सामने आया है. ये खाद किसानों के पास पहुंचने से पहले ही ग़ायब कर दिए गए. इस कथित घोटाले में कई विभागीय अफसरों की संलिप्तता बताई जाती है. फिलहाल पूरा सरकारी महकमा खाद को ढूंढने में लगा है.

पत्रिका के अनुसार खाद की एक रेक बरेली से तो चली लेकिन बदायूं के गोदाम तक नहीं पहुंची. रास्ते में ही उसे गायब कर दिया गया था. जब इस घोटाले का खुलासा हुआ तो पीसीएफ के अफसरों और कर्मचारियों में खलबली मच गई.

इस घोटाले का खुलासा उस समय हुआ जब किसानों को रबी की फसल के लिए खाद की आवश्यकता पड़ी. जब किसानों को खाद नहीं मिली तो उन्होंने इसकी शिकायत अफसरों से की. फिर जब अफसरों ने इसकी जांच करना शुरू किया तो घोटाला सामने आया. मामले की जांच में 3102 मीट्रिक टन यूरिया, डीएपी और एनपीके कम मिली. ये कम कैसे हुई इसका जवाब किसी के पास नहीं है. मामले की जांच कर रही टीम ने जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप दी है.

पत्रिका के मुताबिक इस पूरे मामले की जांच रिपोर्ट ज़िलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह के पास पहुंच चुकी है. सूत्रों के मुताबिक टीम ने पूरे मामले में पीसीएफ अफसरों, कर्मचारियों और ठेकेदारों को जिम्मेदार बताया गया है.

बता दें कि बड़ी तादात में खाद गायब होने से जिले में खाद का संकट पैदा हो गया है. रबी के सीजन में किसानों को खाद की सबसे अधिक आवश्यकता होती है, लेकिन घोटाले के कारण उन्हें सरकारी दाम पर खाद नहीं मिल पाएगी और किसानों को खुले बाजार से ज्यादा दामों पर खाद खरीदनी पड़ेगी.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+