उत्तर प्रदेशः बजरंग दल के सदस्यों ने मदरसे के बच्चों को ‘जय श्रीराम’ का नारा लगाना को किया मजबूर, इनकार करने पर की पिटाई
इस हमले में एक बच्चे का सिर फट गया, एक बच्चे के पैर में चोट लगी है वहीं एक बच्चे का हाथ फ्रैक्चर हो गया है.
देश के कई राज्यों से लगातार मुस्लिम समुदाय के साथ मारपीट और जबरदस्ती ‘जय श्रीराम’ के नारे लगवाने की घटनाएं सामने आ रही हैं. ताज़ा मामला उत्तर प्रदेश के उन्नाव का है. जहां बजरंग दल के सदस्यों ने मदरसे के बच्चों को जबरन ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाने के लिए मजबूर किया गया. जब बच्चों ने नारे लगाने से मना किया तो आरोपियों ने उनको पीटा, उनके कुर्ते फाड़े और साइकिलें तोड़ दी. इस घटना को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
क्विंट की रिपोर्ट के अनुसार उन्नाव में स्थित जामा मस्जिद के मौलाना ने आरोप लगाया कि इस पूरी घटना में हिंदूवादी संगठन बजरंग दल के लोग शामिल थे.
ग़ौरतलब है कि फ़ेसबुक के जरिए आरोपियों की पहचान की गई है. फ़ेसबुक आईडी पर आरोपियों ने खुद को बजरंग दल का सदस्य बताया है.
मस्जिद के मौलाना नईम मिस्बाही ने कहा, “गुरुवार को 12-13 साल के बच्चे नमाज पढ़ने के बाद ग्राउंड में क्रिकेट खेलने चले गए थे. उसी दौरान चार बड़े लड़के वहां आए और बच्चों को जय श्रीराम के नारे लगाने को कहा और बच्चों को थप्पड़ मारे.”
उन्होंने आगे कहा, “जब बच्चों ने मना किया कि उनके धर्म में यह नारा लगाना मना है. जिसके बाद लड़कों ने बच्चों के क्रिकेट बैट छीनकर उनकी पिटाई कर दी. जब बच्चे वहां से भागे तो उन लड़कों ने पीछे से पत्थर मारे. इस हमले में एक बच्चे का सिर फट गया, एक बच्चे के पैर में चोट लगी है वहीं एक बच्चे का हाथ फ्रैक्चर हो गया है. इन बच्चों की साइकिलें तोड़ दी और उनके कुर्ते फाड़ दिए.”
उन्नाव के सीओ सिटी उमेश कुमार त्यागी ने कहा, “जब मदरसे के बच्चे ग्राउंड में थे तो उनका झगड़ा हो गया. शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है. जिन तीन बच्चों को चोट आई है, उनका मेडिकल करवाया गया है. इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है.”