उत्तर प्रदेश: गोमांस के बहाने अराजक तत्वों ने मदरसे पर की पत्थरबाज़ी, आगजनी की कोशिश
गांव में माहौल शांत करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.
उत्तर प्रदेश के फ़तेहपुर ज़िले में मंगलवार को एक मदरसा में गोमांस होने के संदेह में आरजक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया गया. स्थिति को देखते हुए घटना स्थल के आस-पास भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.
दरअसल, बिंदकी कोतवाली के बिहटा गांव में सबसे पहले गोमांस बरामद होने की अफ़वाह फैलती है. फिर कुछ अराजक तत्वों द्वारा मदरसे पर हमला कर पथराव किया गया. भीड़ द्वारा आगजनी की भी कोशिश की गई. हालांकि घटना में किसी की हताहत होने की सूचना नहीं है.
एनडीटीवी के अनुसार पुलिस अधीक्षक रमेश ने बताया कि मामले में माहौल खराब करने वाले लोगों को चिन्हित किया जा रहा है. साथ ही गांव में माहौल शांत करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.
बता दें कि हाल ही में बागपत में एक 30 वर्षीय मुस्लिम व्यक्ति से कथित तौर पर जबरन “जय श्री राम” के नारे लगवाने और मारपीट करने का मामला सामने आया था.