सवर्णों को आरक्षण देना मोदी सरकार का चुनावी जुमला, जब नौकरियाँ नहीं हैं तो आरक्षण का क्या फायदा : उपेन्द्र कुशवाहा
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि देश में रोज़गार की बात न हो इसलिए मोदी सरकार ने आरक्षण का लॉलीपॉप थमा दिया है.
आर्थिक रूप से पिछड़े सवर्णों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने को लेकर विपक्ष मोदी सरकार पर लगातार सवाल खड़े कर रहा है. इसी क्रम में रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि भाजपा चुनावी फायदे के लिए आरक्षण लेकर आई है.
ईनाडु इंडिया की ख़बर के अनुसार उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का सवर्णों को चुनाव के समय 10 प्रतिशत आरक्षण देने की बात करना प्रधानमंत्री मोदी की चुनावी जुमेलाबाज़ी है और आरक्षण केवल धोखा भर होगा. उपेंद्र कुशवाहा ने सवाल किया कि जब देश में रोज़गार ही उपलब्ध नहीं होगा तो आरक्षण का फायदा किसे मिलेगा.
कुशवाहा ने कहा, “सरकार आरक्षण देकर किसको ठगने की कोशिश कर रही है.” आरक्षण को लॉलीपॉप करार देते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को रोज़गार न दे पाने की स्थिति में सरकार उन्हें किसी तरह झांसे में लेना चाहती है, ताकि लोग रोज़गार की बात न करें.
ग़ौरतलब है कि पिछले दिनों सवर्णों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का कानून संसद में पास किया गया. अब केवल इस बिल पर राष्ट्रपति की मुहर लगना बाकी है. ज्ञात हो कि इससे पहले शिवसेना भी मोदी सरकार के इस आरक्षण विधेयक पर सवाल उठा चुकी है.