May a good source be with you.

योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में जबर्दस्त हंगामा, नाराज युवाओं ने मंच पर फेंके कपड़े

हंगामे के कारण योगी आदित्यनाथ को 5 मिनट में अपना भाषण समाप्त करना पड़ा.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक कार्यक्रम के दौरान युवाओं के भारी विरोध का सामना करना पड़ा है. कार्यक्रम में मौजूद युवाओं ने नारेबाजी करते हुए कुर्सी पर लगे कपड़ों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ फेंक दिया.

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी गाजीपुर के स्वामी सहजानंद डिग्री कॉलेज में एक रोजगार मेले का उद्घाटन करने पहुंचे थे. लेकिन मुख्यमंत्री के मंच पर पहुंचते ही युवाओं ने हंगामा करना शुरू कर दिया और कार्यक्रम स्थल पर कुर्सियां तोड़ दी. अपने ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन होता देख मुख्यमंत्री योगी ज्यादा देर मंच पर नहीं रूके और 5 मिनट में अपना भाषण खत्म करके चलते बने.

जनसत्ता की ख़बर के अनुसार कार्यक्रम के दौरान युवाओं की नौकरी के लिए पंजीकरण किया जा रहा था. लेकिन कुछ युवा पंजीकृत न होने से नाराज़ हो गए. इसलिए, अपनी नाराजगी जाहिर करने के लिए युवाओं ने मुख्यमंत्री के भाषण के दौरान हंगामा और तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया. पंजीकरण न होने से गुस्साए युवाओं ने कार्यक्रम स्थल पर रखी कुर्सियों पर लगे कपड़ों को मुख्यमंत्री की ओर उछालते हुए नारेबाजी शुरू कर दी.

हालांकि इस हंगामे के दौरान युवाओं को शांत कराने में पुलिस पूरी तरह नाकाम रही. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जाने के बाद भी हंगामा शांत नहीं हुआ.

ज्ञात हो कि इस रोजगार मेले का आयोजन सरकार के कौशल विकास मंत्रालय द्वारा किया गया था. इधर, पुलिस का कहना है कि उन्हें इस संदर्भ में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है. शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+