उत्तर प्रदेश: नाबालिग छात्रा के साथ बलात्कार, मामला दर्ज
आरोपियों ने इस संबंध में किसी से कुछ बताने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी थी.
उत्तर प्रदेश के देवरिया ज़िले के एक गांव में घर के भीतर सो रही नाबालिग छात्रा को अगवा कर उसके साथ सामूहिक बलात्कार करने के आरोप में पुलिस ने तीन युवकों के ख़िलाफ़ प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया है. घटना सोमवार रात की है. पुलिस ने इस सिलसिले में मंगलवार देर शाम मामला दर्ज किया.
पुलिस अधीक्षक एन कोलांची ने बताया कि पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता की मां ने कहा है कि कक्षा-8 की छात्रा उनकी बेटी सोमवार रात छोटे भाई-बहनों के साथ घर में सोई थी. उसी दौरान गांव के तीन युवक टीनशेड से होते हुए घर में घुस गए. बच्ची को अगवा कर लिया और घर से कुछ दूर गेहूं के एक खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया.
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने इस संबंध में किसी से कुछ कहने पर बच्ची को जान से मारने की धमकी भी दी. बच्ची ने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी. कोलांची ने बताया कि इस सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया गया है. पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.